Homeराज्यकोटा में NEET की तैयारी कर रहे बिहार के छात्र की संदिग्ध...

कोटा में NEET की तैयारी कर रहे बिहार के छात्र की संदिग्ध मौत, दरभंगा का रहने वाला था गौतम

डेस्क : राजस्थान के कोटा में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहे बिहार के एक 19 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान दरभंगा जिले के रहने वाले गौतम कुमार के रूप में हुई है। वह कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रविवार को एक अन्य छात्र की आत्महत्या की घटना के बीच गौतम की मौत का मामला भी सामने आया है।

बाथरूम में बेहोश मिला छात्र

कुन्हाड़ी थानाधिकारी देवेश भारद्वाज के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, गौतम 24 अक्टूबर को कोचिंग क्लास में नहीं गया था। उसका चचेरा भाई विनीत कुमार भी कोटा में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है।

रविवार को जब गौतम ने विनीत का फोन नहीं उठाया, तो वह उससे मिलने हॉस्टल पहुंचा। वहां गौतम के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो विनीत ने हॉस्टल संचालक और अन्य छात्रों की मदद से खिड़की से अंदर देखा। गौतम बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ा था। इसके बाद खिड़की के रास्ते कमरे में दाखिल होकर दरवाजा खोला गया और उसे बाहर निकाला गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

गौतम को तुरंत एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां कई घंटों तक उसका उपचार चला। हालांकि, रविवार दोपहर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की सूचना मिलने पर गौतम के परिजन सोमवार सुबह कोटा पहुंचे। शुरुआत में परिजनों ने हॉस्टल संचालक पर लापरवाही का मौखिक आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में इसका उल्लेख नहीं किया गया। पहले परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव ले जाना चाहते थे, लेकिन बाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई और शव उन्हें सौंप दिया गया। फिलहाल, छात्र की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments