Homeराज्यगयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी विमान सेवा शुरू, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी...

गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी विमान सेवा शुरू, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी

पटना : बिहार में अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क के विस्तार की दिशा में सोमवार को एक और पहल हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गयाजी से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा (6E1083) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह विमान सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। इससे बिहार और थाईलैंड के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विमान से यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन क्षेत्र का लगातार विस्तार किया जा रहा है। गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होने से राज्य की अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। साथ ही भगवान बुद्ध की ज्ञान और करुणा की भूमि बिहार तथा थाईलैंड के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गयाजी और बोधगया विश्वभर के बौद्ध श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के लिए विशेष महत्व रखते हैं। सीधी अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा उपलब्ध होने से विदेशी पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे बोधगया सहित पूरे मगध क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं का विस्तार होगा। साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था, होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और पर्यटन से जुड़े अन्य व्यवसायों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए बेहतर हवाई संपर्क आवश्यक है। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। पटना, दरभंगा, गयाजी और पूर्णिया हवाई अड्डों के माध्यम से हवाई सेवाओं के विस्तार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस पहल में सहयोग के लिए इंडिगो एयरलाइंस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नए अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों पर विमान सेवाएं शुरू करने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए विमानन कंपनियों के साथ सहयोग और समन्वय को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस से भी इस दिशा में निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बेहतर हवाई संपर्क से बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई संभावनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी। गयाजी-बैंकॉक सीधी विमान सेवा से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही राज्य में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments