Homeराज्यपटना के मिलर हाई स्कूल की ऐतिहासिक पानी टंकी का होगा कायाकल्प,...

पटना के मिलर हाई स्कूल की ऐतिहासिक पानी टंकी का होगा कायाकल्प, कैफेटेरिया भी बनेगा

पटना : बिहार की राजधानी पटना स्थित मिलर हाई स्कूल परिसर की ऐतिहासिक पानी टंकी को नया स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पानी टंकी के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आधुनिक कैफेटेरिया निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ-साथ परिसर को आकर्षक और सुव्यवस्थित विरासत स्थल के रूप में विकसित करना है।

ऐतिहासिक स्वरूप को बचाकर होगा जीर्णोद्धार

परियोजना के तहत पानी टंकी के मूल ऐतिहासिक और स्थापत्य स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए उसका जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्य में न्यूनतम हस्तक्षेप और मूल संरचना के अधिकतम संरक्षण के सिद्धांत को अपनाया जाएगा। इसके लिए पारंपरिक, टिकाऊ और संरचना के अनुकूल सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाएगा।

गोलाकार पाथ-वे और आधुनिक लाइटिंग से बढ़ेगी खूबसूरती

ऐतिहासिक पानी टंकी के चारों ओर गोलाकार पाथ-वे बनाया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में लैंडस्केपिंग और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इन सुविधाओं से परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही आगंतुकों को घूमने-फिरने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।

पर्यटकों और अन्य आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां एक आधुनिक कैफेटेरिया भवन का भी निर्माण किया जाएगा। इससे परिसर में आने वाले लोगों को अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

नगर विकास विभाग और पटना नगर निगम करेंगे काम

यह परियोजना नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पटना नगर निगम के अंतर्गत क्रियान्वित की जाएगी। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा ने मुख्यमंत्री को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण से संबंधित एक वीडियो फिल्म भी दिखाई गई।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐतिहासिक पानी टंकी परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी आधारभूत संरचना के विकास, ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिलर हाई स्कूल परिसर की ऐतिहासिक पानी टंकी का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण इसी संकल्प का हिस्सा है। ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखते हुए परिसर को एक सुव्यवस्थित और आकर्षक विरासत स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

शिलान्यास कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया और रत्नेश कुमार, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू तथा उप महापौर रेशमी चन्द्रवंशी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद मिलर हाई स्कूल परिसर की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखने के साथ-साथ पटना के शहरी सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments