Homeराज्यपटना जंक्शन के पास पटाखों का अवैध भंडारण, 8 दुकानों में मिले...

पटना जंक्शन के पास पटाखों का अवैध भंडारण, 8 दुकानों में मिले 20 लाख के पटाखे; बड़े हादसे का खतरा

पटना : दीपावली से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पटना जंक्शन से सटे न्यू मार्केट में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। जांच के दौरान यहां 8 से 10 ऐसी दुकानें मिलीं, जो पूरी तरह पटाखों से भरी हुई थीं। इन दुकानों में करीब 15 से 20 लाख रुपये के पटाखे रखे होने का अनुमान है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि घनी आबादी और तंग गलियों के बीच इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं। ऐसे में जरा सी चिंगारी भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।

दीपावली को देखते हुए बुधवार को अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी लोद्दीपुर अजीत कुमार न्यू मार्केट में जांच करने पहुंचे। इस दौरान कई दुकानों में भारी मात्रा में पटाखे रखे मिले।

अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि दीपावली को लेकर लगातार अलग-अलग इलाकों में जांच और निरीक्षण किया जा रहा है। अब तक की जांच में किसी भी दुकानदार के पास पटाखों की बिक्री या भंडारण का लाइसेंस नहीं मिला है।

अग्निशमन पदाधिकारी ने चिंता जताते हुए कहा कि न्यू मार्केट की गलियां काफी संकरी हैं और पटना जंक्शन बिल्कुल पास में स्थित है। ऐसे संवेदनशील इलाके में पटाखों का भंडारण बेहद खतरनाक है।

उन्होंने कहा कि पटाखों में आग लगने के लिए एक छोटी सी चिंगारी ही काफी है। अगर यहां आग लग गई तो दमकल की गाड़ी के मौके पर पहुंचने से पहले ही बड़ा नुकसान हो सकता है।

अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों में जांच कर रही हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि पटना जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्थान के पास बिना लाइसेंस इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कैसे हो रहा है?

विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और लापरवाही बरती गई तो यहां सीवान से भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन अवैध भंडारण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments