Homeराज्यधनतेरस-दीपावली पर पटना में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 6 और 7 नवंबर को...

धनतेरस-दीपावली पर पटना में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 6 और 7 नवंबर को इन रास्तों पर रहेगी नो-एंट्री

पटना : धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 6 और 7 नवंबर को शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। इस दौरान खेतान मार्केट, चूड़ी मार्केट, बाकरगंज और बुद्ध मार्ग के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, दोनों दिन दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक कुछ प्रमुख मार्गों पर मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और मरीजों को ले जाने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

खेतान मार्केट और चूड़ी मार्केट के आसपास नो-एंट्री

मछुआटोली और बारी पथ से बाकरगंज की ओर आने वाले वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। ऐसे वाहन मखनियां कुआं होते हुए अशोक राजपथ के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

वहीं, दिनकर गोलंबर से नाला रोड और मछुआटोली की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अशोक राजपथ जाने वाले वाहन दिनकर गोलंबर और प्रेमचंद गोलंबर के रास्ते निकल सकेंगे।

इसके अलावा बाकरगंज से पूर्व दिशा में मछुआटोली की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कदमकुआं मोड़ से चूड़ी मार्केट और ठाकुरबाड़ी मोड़ की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे।

दोपहर 2 से रात 10 बजे तक मालवाहक वाहनों पर रोक

6 और 7 नवंबर को दिनकर गोलंबर से साहित्य सम्मेलन और नाला रोड की ओर दोनों तरफ मालवाहक वाहनों का परिचालन दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।

त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में भीड़ और जाम की समस्या से बचने के लिए यह व्यवस्था की गई है।

बुद्ध मार्ग और सिटी सेंटर मॉल के पास वन-वे

छज्जूबाग मोड़ से सिटी सेंटर मॉल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं, बुद्ध मार्ग पर कोतवाली की ओर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा पूर्व दिशा में छज्जूबाग की ओर जा सकेंगे।

सिटी सेंटर मॉल और ताज होटल की पार्किंग से निकलने वाले वाहनों को नवीन पुलिस केंद्र की ओर भेजा जाएगा। वहां से वाहन अशोक राजपथ और मरीन ड्राइव के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

जेपी गंगा पथ पर भी होगी पार्किंग की व्यवस्था

जेपी गंगा पथ पर छोटी चारपहिया गाड़ियों की पार्किंग दीघा गोलंबर से एलसीटी घाट तक एक लेन में की जाएगी। वहीं, बुद्धमूर्ति गोलंबर से नाला रोड की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को पश्चिमी लोहानीपुर होते हुए राजेंद्र नगर की तरफ मोड़ा जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धनतेरस और दीपावली के दौरान निर्धारित रास्तों का पालन करें और अनावश्यक रूप से बाजारों में निजी वाहन लेकर जाने से बचें, ताकि जाम की समस्या से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments