नालंदा : पर्यटन नगरी राजगीर में 26 नवंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव में इस बार भी खान-पान का खास आकर्षण देखने को मिलेगा। महोत्सव स्थल पर आकर्षक फूड जोन बनाया जाएगा, जहां पर्यटक और स्थानीय लोग देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक और लोकप्रिय व्यंजनों का स्वाद चख सकेंगे। इसके साथ ही बिहार के स्थानीय व्यंजनों का भी विशेष आकर्षण रहेगा।
फूड जोन में अलग-अलग तरह के लजीज व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खान-पान का आनंद भी लोगों को मिलेगा। इसको लेकर जिला प्रशासन ने फूड जोन में स्टॉल लगाने के इच्छुक लोगों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इच्छुक व्यक्ति 17 नवंबर से 23 नवंबर तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके लिए जिला आपूर्ति कार्यालय में आवेदन लेने की व्यवस्था की गई है।
राजगीर महोत्सव में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंचते हैं। ऐसे में फूड जोन उनके लिए एक ही जगह पर अलग-अलग स्वादों का अनुभव करने का अवसर होगा। वहीं, स्थानीय कारोबारियों और खान-पान से जुड़े उद्यमियों को भी अपने व्यंजनों और व्यवसाय को बढ़ावा देने का मौका मिलेगा।
जिला प्रशासन ने इच्छुक आवेदकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया और अन्य विस्तृत जानकारी नालंदा जिले की आधिकारिक वेबसाइट **www\.nalanda.nic.in** पर प्राप्त की जा सकती है।




Users Today : 239
Who's Online : 9