डेस्क : अंतरराष्ट्रीय बौद्ध विरासत और ज्ञान-संवाद की धरती नालंदा में मंगलवार को भारत और थाईलैंड की साझा बौद्ध परंपरा की झलक देखने को मिली। थाईलैंड की प्रख्यात बौद्ध विदुषी एवं धम्म आचार्या सुजिन बोरिहानरवानेट का नव नालंदा महाविहार सम विश्वविद्यालय में आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
आचार्या सुजिन का यह दौरा धम्म स्टडी एंड सपोर्ट फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘धम्म इस समय’ (धम्म एट द वेरी मोमेंट) के तहत हुआ। उनके साथ फाउंडेशन के प्रतिनिधि और अन्य अतिथि भी मौजूद रहे।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह ने विश्वविद्यालय परिवार की ओर से आचार्या सुजिन का स्वागत किया। उन्होंने भगवान बुद्ध की शिक्षाओं की वैश्विक प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धम्म केवल दार्शनिक चिंतन का विषय नहीं है, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन और व्यवहार में अपनाना जरूरी है।
कुलपति ने प्रज्ञा, करुणा, सजगता और शांति को बौद्ध जीवन-दर्शन का आधार बताते हुए कहा कि धम्म व्यक्ति को आत्मिक शांति, मानवीय संवेदना और सामाजिक सद्भाव की राह दिखाता है। उन्होंने बौद्ध अध्ययन, शोध और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान में नव नालंदा महाविहार की ऐतिहासिक भूमिका को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान भारत और थाईलैंड के बीच साझा बौद्ध विरासत, आध्यात्मिक संवाद और ज्ञान परंपरा को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर बौद्ध भिक्षुओं, प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




Users Today : 239
Who's Online : 9