भागलपुर : किडनी की बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब नियमित डायलिसिस कराने के लिए नवगछिया, कहलगांव और तारापुर के मरीजों को भागलपुर आने की मजबूरी नहीं होगी। नेफ्रोपल्स की ओर से इन तीनों जगहों पर डायलिसिस सेंटर शुरू किए गए हैं। यहां बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से गरीबी रेखा से नीचे यानी BPL श्रेणी के पात्र मरीजों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है।
नवगछिया अनुमंडल अस्पताल के इमरजेंसी भवन के पिछले हिस्से में संचालित डायलिसिस सेंटर में फिलहाल 13 से 14 मरीज नियमित रूप से डायलिसिस करा रहे हैं। केंद्र के इंचार्ज राकेश कुमार के मुताबिक, सेंटर की क्षमता 30 से अधिक मरीजों की है। जरूरत पड़ने पर बेड और मशीनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
वहीं, तारापुर और कहलगांव के डायलिसिस सेंटर में भी 15-15 मरीजों का नियमित उपचार हो रहा है। यहां भी मरीजों की संख्या बढ़ने पर बेड बढ़ाने की योजना है।
भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल यानी जेएलएनएमसीएच में नेफ्रोपल्स का डायलिसिस सेंटर कई वर्षों से संचालित है। फिलहाल यहां 48 से अधिक मरीज नियमित डायलिसिस करा रहे हैं। यह जिले का सबसे बड़ा डायलिसिस केंद्र है। मरीजों की देखरेख के लिए यहां एक अनुभवी चिकित्सक की स्थायी प्रतिनियुक्ति भी की गई है। इसके अलावा पटना के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. कुणाल महीने में एक दिन पहुंचकर मरीजों को परामर्श देते हैं।
BPL श्रेणी के पात्र मरीजों को मुफ्त डायलिसिस का लाभ लेने के लिए नेफ्रोलॉजिस्ट का प्रिस्क्रिप्शन, आधार कार्ड और राशन कार्ड जमा करना होगा। इसके साथ CBC, LFT, KFT, सोडियम, पोटैशियम, HIV और हेपेटाइटिस की मात्रात्मक जांच रिपोर्ट भी देनी होगी।
सभी दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन होने के बाद पात्र मरीजों का पंजीकरण किया जाएगा और मुफ्त डायलिसिस की सुविधा शुरू होगी। इन केंद्रों के विस्तार से भागलपुर जिले के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी अपने घर के नजदीक नियमित उपचार की सुविधा मिल सकेगी।




Users Today : 226
Who's Online : 6