Home राज्य गैरमजरूआ जमीन की अवैध जमाबंदी का आरोप, सीओ और पति पर FIR...

गैरमजरूआ जमीन की अवैध जमाबंदी का आरोप, सीओ और पति पर FIR दर्ज

0
10

जहानाबाद : जिले के रतनी अंचल की अंचलाधिकारी (सीओ) नुजहत और उनके पति रैसुल इस्लाम के खिलाफ रिश्वत लेने तथा कथित रूप से अवैध तरीके से जमीन का डिमांड कायम करने के आरोप में शकुराबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला नोआवां पंचायत के सलारपुर गांव निवासी राजकुमार के आवेदन पर दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी में राजकुमार ने आरोप लगाया है कि गांव के दो युवकों के मोबाइल नंबर से अलग-अलग तारीखों में कुल 1 लाख 24 हजार 500 रुपये सीओ के पति रैसुल इस्लाम के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। आरोप है कि इस लेनदेन के बाद विभिन्न गैरमजरूआ मालिक जमीन का डिमांड खोल दिया गया। इसके अलावा अपने ही गोतिया को नाबालिग दर्शाकर उनके हिस्से की जमीन हड़पने और गलत तरीके से जमाबंदी कायम करने का भी आरोप लगाया गया है।

आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि सीओ के मेडिकल लीव पर रहने के दौरान उनके डोंगल का इस्तेमाल कर ‘परिमार्जन प्लस’ के माध्यम से ऑनलाइन डिमांड कायम किया गया। इसे राजस्व विभाग के नियमों का उल्लंघन बताया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, मेडिकल अवकाश की अवधि में नोआवां मौजा (थाना संख्या-66) में दाखिल-खारिज वाद संख्या 411/25-26 के तहत सत्येंद्र शर्मा (पिता कृष्णदेव शर्मा) के नाम भाग-26, पृष्ठ-97 और वाद संख्या 412/25-26 के तहत उपेंद्र शर्मा (पिता कृष्णदेव शर्मा) के नाम भाग-26, पृष्ठ-98 पर डिमांड कायम किया गया। आरोप है कि इन प्रक्रियाओं के दौरान आवेदन के साथ कोई वैध दस्तावेज संलग्न नहीं था। सूचक ने सीओ पर अन्य गंभीर अनियमितताओं के आरोप भी लगाए हैं।

इस संबंध में शकुराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि सीओ और उनके पति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है या आरोप सही पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
पटना के गांधी मैदान में हजारों ड्राइवरों का जुटान, 10 सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च की तैयारी राज्य

पटना के गांधी मैदान में हजारों ड्राइवरों का जुटान, 10 सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च की तैयारी