पटना : बिहार में नए पुल के नामकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। नीतीश सेतु के नामकरण और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों के लिए यह बहुत बड़ी बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल इस पुल का उद्घाटन करेंगे। बिहार में जयप्रकाश नारायण और महात्मा गांधी के नाम पर पुल हैं। अब राजेंद्र सेतु के साथ नीतीश सेतु भी जुड़ गया है।
उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के लिए जो काम किया है, यह उसी का परिणाम है। विपक्ष के पास बोलने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष के नेताओं ने अपने कार्यकाल में क्या काम किया था और क्या उन्हें अपने किए हुए काम याद हैं?
पुल पर नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होने पर भी दी प्रतिक्रिया
पुल पर नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं लगाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्ष को दूसरे दलों की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार की तस्वीर लगाई जा रही है।
सरकार के एक साल के कार्यकाल पर कही यह बात
सरकार के एक साल पूरा होने को लेकर उन्होंने कहा कि इस दौरान काफी काम हुआ है और आगे भी बहुत कुछ किया जाना है। जनता से किए गए वादों को सरकार पूरा कर रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में भी वादों को पूरा करने का काम हुआ है। अगले पांच वर्षों में जनता से किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के दौरे से बिहार को मिलेगी बड़ी सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, राज्य को कुछ न कुछ देते हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य है और बिहार के विकास के बिना भारत का विकास संभव नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से बिहार को कई सौगातें मिलेंगी। साथ ही आने वाले बजट में भी राज्य को और लाभ मिलने की उम्मीद है।
2005 से पहले बिहार की स्थिति पर विपक्ष को घेरा
नीतीश कुमार के सुशासन को लेकर आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने 24 नवंबर 2005 को बिहार की सत्ता संभाली थी। उस समय बिहार में कानून-व्यवस्था और राज्य की स्थिति कैसी थी, यह सभी जानते हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें बोलना है, वे बोलते रहें। जनता बार-बार विपक्ष को घर बैठाएगी।
निशांत कुमार से जुड़ी घटना पर भी बोले
निशांत कुमार से जुड़ी घटना के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह उस समय बाहर थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने निशांत से बातचीत की। निशांत ने उन्हें बताया कि उन्हें खुद इस बात की जानकारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि कोई घटना हुई भी है तो इसमें भूलवश ऐसा हुआ होगा। मामले को बेवजह तूल नहीं देना चाहिए।




Users Today : 197
Who's Online : 5