मोतिहारी : जिले में निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 हजार रुपये रिश्वत लेते एक अटर्नी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम कुमार के रूप में हुई है। वहीं, इस मामले में आरोपी राजस्व कर्मी प्रभात कुमार मौके से फरार होने में सफल रहा। निगरानी की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सदर अंचल निवासी रूपेश शर्मा ने जमीन के दाखिल-खारिज के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि आवेदन के निष्पादन के बदले राजस्व कर्मी प्रभात कुमार ने अपने अटर्नी श्याम कुमार के माध्यम से 11 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर रूपेश शर्मा ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। गुरुवार की शाम रिश्वत की रकम के लेनदेन के लिए रूपेश शर्मा को बुलाया गया।
बताया जाता है कि छतौनी थाना क्षेत्र के आर्य समाज मंदिर के पास श्याम कुमार रिश्वत की रकम लेने पहुंचा। जैसे ही रूपेश शर्मा ने उसे 11 हजार रुपये दिए, पहले से घात लगाए निगरानी विभाग की टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस दौरान आरोपी राजस्व कर्मी प्रभात कुमार फरार हो गया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम श्याम कुमार से पूछताछ कर रही है। वहीं, फरार राजस्व कर्मी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद सदर अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है। कर्मचारियों के बीच भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि दाखिल-खारिज जैसे राजस्व कार्यों में रिश्वत मांगने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसी कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है।




Users Today : 197
Who's Online : 5