- 21 नवंबर को दोपहर 1:20 बजे रुस्तमपुर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री, नीतीश सेतु सहित कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास; सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
पटना : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 21 नवंबर को वैशाली जिले के जाफरपट्टी में होने वाली जनसभा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। लाखों लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए करीब 20 लाख वर्गफीट में विशाल सभा स्थल तैयार किया गया है। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री इस दौरान नीतीश सेतु सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
बिहार सरकार के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को दोपहर 1:20 बजे वैशाली जिले के रुस्तमपुर पहुंचेंगे। इसके बाद उनका मुख्य कार्यक्रम जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र के जाफरपट्टी में होगा। प्रधानमंत्री के अपराह्न 3:15 बजे जाफरपट्टी से प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित है।
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहा है। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, अग्निशमन, बिजली और पार्किंग से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
नीतीश सेतु का उद्घाटन, औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में नीतीश सेतु का उद्घाटन और जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
60 एलईडी स्क्रीन और पेयजल के विशेष इंतजाम
जाफरपट्टी पंचायत में करीब 20 लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल सभा स्थल विकसित किया गया है। यहां भव्य मंच बनाया गया है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सभा स्थल के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए 60 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के तहत 32 पेयजल टैंक, 17 बोरिंग और 180 रनिंग वाटर टैप लगाए गए हैं। इसके अलावा दर्शकों के बैठने वाले स्थानों पर 140 वाटर डिस्पेंसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्वच्छता और जनसुविधा के लिए कुल 540 शौचालयों की व्यवस्था की गई है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 300 शौचालय बनाए गए हैं, जिनमें 150 पुरुषों और 150 महिलाओं के लिए निर्धारित हैं। वहीं, पार्किंग और अन्य स्थानों पर 240 शौचालय उपलब्ध रहेंगे।
27 मेडिकल कैंप, 25 एंबुलेंस रहेंगी तैनात
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। इसके लिए 27 मेडिकल कैंप बनाए गए हैं। साथ ही, महत्वपूर्ण स्थानों पर 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए रूट तय
जनसभा में शामिल होने के लिए अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए प्रशासन ने अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
पटना और जहानाबाद से आने वाले वाहन: गांधी सेतु, पासवान चौक, अंडरपास, एनएच-322, हनुमान चौक, बिदुपुर, चकसिकंदर और बनारसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र-एफ तक पहुंचेंगे। इस मार्ग की लंबाई करीब 19 किलोमीटर है।
पटना और नालंदा से आने वाले वाहन: कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल से बनारसी चौक पहुंचेंगे। यहां से वाहन पार्किंग क्षेत्र-एफ तक जा सकेंगे। इस मार्ग की दूरी करीब 16 किलोमीटर है।
पटना और सारण से आने वाले वाहन: जेपी सेतु या गंडक पुल, रामाशीष चौक, महुआ मोड़, महुआ-ताजपुर रोड, हनुमान होटल, बाईपास, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र-ई तक पहुंचेंगे। इस मार्ग की लंबाई करीब 34.5 किलोमीटर है।
मुजफ्फरपुर से आने वाले वाहन: इनके लिए दो मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पहला मार्ग एनएच-22, महुआ मोड़, हनुमान होटल, बाईपास, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र-ई तक जाएगा। इसकी दूरी करीब 78.5 किलोमीटर है। दूसरा मार्ग कांटी, महुआ बाजार, गांधी चौक, कुशहर चौक, बाईपास, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र-ई तक पहुंचेगा। इसकी लंबाई करीब 51.5 किलोमीटर है।
समस्तीपुर से आने वाले वाहन: इनके लिए भी दो विकल्प दिए गए हैं। पहला मार्ग ताजपुर-महुआ रोड, एनएच-49, ताजपुर बाईपास, कुशहर चौक, हरपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र-ई तक जाएगा। इसकी दूरी करीब 59.5 किलोमीटर है। दूसरा मार्ग मुसरीघरारी या सरायरंजन, शाहपुर पटोरी, एनएच-322, जंदाहा पासवान चौक, गाजीपुर चौक और बहसी चौक होते हुए पार्किंग क्षेत्र-ई तक पहुंचेगा। यह मार्ग करीब 41.5 किलोमीटर लंबा है।
जिला प्रशासन ने लोगों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि जनसभा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।




Users Today : 432
Who's Online : 8