Home राज्य मानवाधिकारवादी चिंतक प्रो. प्रभाकर सिन्हा का निधन, 90 वर्ष की उम्र में...

मानवाधिकारवादी चिंतक प्रो. प्रभाकर सिन्हा का निधन, 90 वर्ष की उम्र में पटना के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस

0
6

मुजफ्फरपुर/पटना : देश के जाने-माने मानवाधिकारवादी चिंतक और पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. प्रभाकर सिन्हा का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने पटना के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे करीब 90 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से शिक्षा जगत, बुद्धिजीवियों, समाजवादियों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रो. प्रभाकर सिन्हा मुजफ्फरपुर के निवासी थे और प्रख्यात समाजवादी चिंतक सच्चिदानंद सिन्हा के छोटे भाई थे। वे अपने सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों के प्रति आजीवन समर्पित रहे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में लगा दिया।

पीयूसीएल के संस्थापक सदस्यों में थे शामिल

प्रो. प्रभाकर सिन्हा देश के प्रतिष्ठित मानवाधिकार संगठन पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। संगठन में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 1988 से 1990 तक उन्होंने राष्ट्रीय संगठन सचिव के रूप में काम किया। इसके बाद 1990 से 2009 तक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।

मानवाधिकार आंदोलन में उनके योगदान और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें वर्ष 2009 में पीयूसीएल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। उन्होंने 2009 से 2016 तक लगातार तीन बार इस पद पर अपनी सेवाएं दीं। बिहार में भी संगठन को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका रही। वर्ष 1981 से 1991 के दौरान उन्होंने बिहार पीयूसीएल के उपाध्यक्ष और अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।

लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों के लिए रहे समर्पित

प्रो. सिन्हा का मानना था कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों की रक्षा से जुड़ी है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा कमजोर, वंचित और पीड़ित लोगों की आवाज उठाई। उनके विचार और सामाजिक प्रतिबद्धता ने कई पीढ़ियों के सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों को प्रभावित किया।

बुद्धिजीवियों और समाजवादियों ने जताया शोक

उनके निधन पर समाजवादी चिंतक एवं लेखक अच्युतानंद नवीन, अरविंद वरुण, शाहिद कमाल, कुंदन कुमार और संजीव साहू सहित शहर के कई गणमान्य लोगों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रो. प्रभाकर सिन्हा का निधन मानवाधिकार आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है।

उनके निधन से समाज ने एक ऐसे चिंतक और सामाजिक कार्यकर्ता को खो दिया है, जिन्होंने अपना जीवन न्याय, समानता, नागरिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
24 नवंबर को JDU मनाएगा ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’, 23 नवंबर को प्रदेश से प्रखंड कार्यालयों तक जलेगा दीपोत्सव राज्य

24 नवंबर को JDU मनाएगा ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’, 23 नवंबर को प्रदेश से प्रखंड कार्यालयों तक जलेगा दीपोत्सव