पटना : बिहार में 24 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनता दल (यूनाइटेड) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पार्टी की ओर से वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी शामिल हुए। बैठक में संगठन के वरिष्ठ नेताओं, विधानमंडल दल के सदस्यों, जिला कार्यक्रम प्रभारियों, प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों और विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में नीतीश कुमार ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का कुशलक्षेम जाना तथा संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
23 नवंबर को प्रदेश से प्रखंड कार्यालयों तक मनेगा दीपोत्सव
सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर 23 नवंबर को जदयू प्रदेश कार्यालय सहित राज्यभर के सभी जिला और प्रखंड कार्यालयों में दीपोत्सव मनाया जाएगा। पार्टी ने अपने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने घरों में कम से कम 11 दीप जलाने की अपील की है। इसके जरिए 24 नवंबर 2005 को बिहार में शुरू हुई नई राजनीतिक और विकास यात्रा की यादें ताजा की जाएंगी।
24 नवंबर 2005 को बिहार को जंगलराज और कुशासन से मिली मुक्ति : संजय झा
बैठक को संबोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि 24 नवंबर 2005 से बिहार में वास्तविक बदलाव की कहानी शुरू हुई। उस समय राज्य की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। नीतीश कुमार ने शून्य से विकास की यात्रा शुरू कर बिहार को नई पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सड़कों का जाल बिछा, कानून का राज स्थापित हुआ और संगठित अपराध पर अंकुश लगा। बिहार की नकारात्मक छवि को बदलने का काम किया गया। बिहार म्यूजियम की अंतरराष्ट्रीय पहचान भी नीतीश कुमार के विजन का परिणाम है।
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने हमेशा इस सिद्धांत के साथ काम किया कि सत्ता सेवा के लिए होती है, मेवा के लिए नहीं। उन्होंने बिहार के 13 करोड़ लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 24 नवंबर को ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
नीतीश कुमार की उपलब्धियां पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी : उमेश कुशवाहा
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार के 20 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियां पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं। इन्हीं उपलब्धियों को आधार बनाकर भविष्य में निशांत कुमार के नेतृत्व में पार्टी को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि 24 नवंबर के कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत से जुटना होगा। वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने अपना खोया हुआ गौरव दोबारा हासिल किया। आज राज्य के शायद ही किसी परिवार को उनकी विकास योजनाओं का लाभ नहीं मिला हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित करने का निर्देश दिया।
सभी जिलों में उत्सव के रूप में मनेगा कार्यक्रम
बिहार सरकार की मंत्री एवं प्रदेश कार्यक्रम संयोजक लेशी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 के बाद बिहार में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि सभी जिलों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है और 24 नवंबर को इसे उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि इस आयोजन में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आयोजन को अभूतपूर्व बनाने की अपील की।
वर्चुअल बैठक में मंत्री लेशी सिंह, ललन कुमार सर्राफ, संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी सहित अनिल कुमार, डॉ. अमरदीप, बासुदेव कुशवाहा, शंभु कुशवाहा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।




Users Today : 446
Who's Online : 6