पटना: विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का रविवार, 22 नवंबर 2026 से आगाज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। कार्यक्रम में बिहार सरकार के विभिन्न विभागों के मंत्री, सांसद और विधायक भी शामिल होंगे। इस बार सोनपुर मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से कई खास इंतजाम किए गए हैं।
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह के मुताबिक, मेला परिसर में सांस्कृतिक पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज तैयार किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए सांस्कृतिक पंडाल में अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र भी बनाया गया है। यहां पर्यटक गाइडों की तैनाती की गई है। मेले की पूरी अवधि में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें जिला प्रशासन द्वारा चयनित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
3 हजार रुपये में शाही टेंट में ठहरने का मौका
इस बार पर्यटकों के ठहरने के लिए पर्यटन ग्राम में छह राजवाड़ी टेंट यानी स्वीस कॉटेज बनाए गए हैं। इनमें फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सभी कॉटेज डबल बेड और अटैच बाथरूम से लैस होंगे। देसी पर्यटकों के लिए एक कॉटेज का किराया 3,000 रुपये प्रतिदिन और विदेशी पर्यटकों के लिए 5,000 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है।
5,200 रुपये में फैमिली टूर पैकेज
पटना से सोनपुर मेले का आनंद लेने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने एक रात और दो दिन का फैमिली टूर पैकेज तैयार किया है। दो लोगों के लिए इसकी कीमत 5,200 रुपये रखी गई है। इसमें एसी इटियोस वाहन, टूरिस्ट गाइड, ठहरने की सुविधा, ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर, स्नैक्स और पानी शामिल हैं।
इस पैकेज के तहत पहले दिन दोपहर 12 बजे पर्यटन निगम कार्यालय से वाहन सोनपुर के लिए रवाना होगा। पर्यटक हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन करने के साथ पर्यटन ग्राम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे। अगले दिन मेला भ्रमण कराया जाएगा और दोपहर 3:30 बजे तक पटना वापसी होगी।
900 रुपये से शुरू होगा एकदिवसीय टूर पैकेज
जो पर्यटक एक ही दिन में सोनपुर मेला घूमना चाहते हैं, उनके लिए भी विशेष पैकेज तैयार किया गया है। यह दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा।
वाहन के अनुसार प्रति व्यक्ति किराया इस प्रकार है:
- – एसी बस, विंगर और डेकर बस: 900 रुपये
- – एसी ट्रैवलर: 1,000 रुपये
- – इनोवा: 1,150 रुपये
- – इटियोस: 1,400 रुपये
इस पैकेज में वाहन, टूरिस्ट गाइड, स्नैक्स और पानी की सुविधा मिलेगी। पर्यटकों को हरिहर क्षेत्र मेला, आसपास के दर्शनीय स्थलों और हरिहरनाथ मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा।
ऑनलाइन कर सकते हैं बुकिंग
सोनपुर मेले के टूर पैकेज और स्वीस कॉटेज की बुकिंग से जुड़ी जानकारी के लिए पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.bstdc.bihar.gov.in पर जा सकते हैं।
इस बार सोनपुर मेले में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का संगम देखने को मिलेगा। पूरे एक महीने तक चलने वाले इस मेले में देश-विदेश से पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।




Users Today : 265
Who's Online : 6