- पटना में पांच और ग्रामीण क्षेत्रों में दो सबस्टेशन चालू, 423 नए ट्रांसफार्मर और 497 किलोमीटर एबी केबल से सुधरेगी बिजली आपूर्ति
पटना : बिहार में बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने बिजली नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए राज्य में सात नए पावर सबस्टेशन शुरू किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इन परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इसके साथ ही 423 नए ट्रांसफार्मर लगाने और 497 किलोमीटर एबी केबल बिछाने की परियोजनाओं की भी शुरुआत हुई है।
इन सभी योजनाओं से करीब पांच लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। नई व्यवस्था लागू होने से बिजली वितरण नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी और अधिक लोड के कारण होने वाली बिजली कटौती की समस्या में कमी आएगी। खासकर गर्मी के मौसम में जब बिजली की खपत तेजी से बढ़ती है, तब इन परियोजनाओं से उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना है।
पटना में पांच, अन्य इलाकों में दो नए सबस्टेशन
राज्य में शुरू किए गए सात नए पावर सबस्टेशनों में पांच पटना क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं। इनमें खगौल के डीपीएस मोड़, दानापुर ब्लॉक, गुलजारबाग स्थित एससीईआरटी परिसर, कंकड़बाग के छोटी पहाड़ी-2 और पटना ग्रामीण क्षेत्र के फतुहा स्थित नरायना शामिल हैं।
इसके अलावा बख्तियारपुर के मंझौली और नौबतपुर के गोपालपुर में भी नए पावर सबस्टेशन शुरू किए गए हैं। सभी सात सबस्टेशन 20-20 एमवीए क्षमता के हैं। प्रत्येक सबस्टेशन से अधिकतम 16 मेगावाट तक बिजली आपूर्ति की जा सकेगी।
इन सबस्टेशनों को जीआईएस तकनीक पर विकसित किया गया है। आधुनिक तकनीक से लैस होने के कारण बिजली वितरण और संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों की बिजली मांग के अनुसार आपूर्ति का प्रबंधन करना आसान होगा।
423 नए ट्रांसफार्मर और 497 किमी एबी केबल से मिलेगी राहत
बिजली नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए राज्य के विभिन्न शहरी और ग्रामीण इलाकों में 423 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसके साथ ही 497 किलोमीटर एरियल बंच्ड (एबी) केबल बिछाने का काम भी शुरू किया गया है।
दरअसल, कई इलाकों में बिजली की खपत बढ़ने के कारण पुराने ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था। इससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने, फेज खराब होने और लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने जैसी समस्याएं सामने आती थीं।
नए ट्रांसफार्मर स्थापित होने से बिजली का लोड अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर तरीके से वितरित किया जा सकेगा। वहीं, खुले बिजली तारों की जगह एबी केबल लगाने से तारों के आपस में टकराने और अन्य तकनीकी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। इससे बिजली आपूर्ति की सुरक्षा भी बेहतर होगी।
पटना के कई मोहल्लों में सुधरेगी बिजली आपूर्ति
नए सबस्टेशनों के चालू होने से पटना के कई महत्वपूर्ण इलाकों में बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। खगौल, कलिकेत नगर, डीपीएस स्कूल के आसपास, सगुना मोड़, आईएएस कॉलोनी, रामजयपाल पथ, आरपीएस मोड़ और गोला रोड के उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा दानापुर, तकियापर, अगमकुआं, छोटी पहाड़ी, संप हाउस, सहनी क्रेन और गुलजारबाग स्थित एससीईआरटी परिसर के आसपास के इलाकों में भी बिजली आपूर्ति बेहतर होगी।
पटना ग्रामीण क्षेत्र के फतुहा स्थित नरायना, बख्तियारपुर के मंझौली और नौबतपुर के गोपालपुर में भी नए सबस्टेशन शुरू होने से आसपास के गांवों और स्थानीय उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
एक सबस्टेशन में खराबी आई तो दूसरे से मिलेगी बिजली
नई बिजली व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति के लिए दो वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध होंगे। सामान्य स्थिति में बिजली पुराने पावर सबस्टेशन से मिलती रहेगी, जबकि नए सबस्टेशन को दूसरे स्रोत के रूप में जोड़ा जाएगा।




Users Today : 265
Who's Online : 1