पटना: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने सुशासन दिवस के कार्यक्रम में निशांत कुमार को लेकर संकेत दिए, जिसके बाद पार्टी के नेता और विधायक भी उन्हें भविष्य के नेतृत्व के तौर पर स्वीकार करते नजर आ रहे हैं। अब पूर्व मंत्री और जदयू विधायक श्याम रजक ने भी खुलकर कहा है कि नीतीश कुमार के बाद पार्टी में निशांत कुमार ही उनके बॉस होंगे।
श्याम रजक ने कहा कि नीतीश कुमार के बाद निशांत कुमार पार्टी के भविष्य के नेता हैं। जिस तरीके से निशांत कुमार संगठन और सरकार दोनों में काम कर रहे हैं, वह काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अब निशांत कुमार को जिम्मेदारी संभालनी है और भविष्य में वही उनके बॉस होंगे।
वहीं, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के उस बयान पर भी श्याम रजक ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार को नीतीश कुमार के फार्मूले पर चलना होगा। श्याम रजक ने संजय झा के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने बिल्कुल सही बात कही है।
श्याम रजक ने कहा कि नीतीश कुमार का फार्मूला पहले भी था और आज भी है। यह एनडीए का भी फार्मूला है। नीतीश कुमार जिस तरीके से सरकार चलाने और काम करने का मॉडल लेकर आए हैं, उसी मॉडल पर सरकार चल रही है और आगे भी चलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संजय झा ने किसी तरह की धमकी नहीं दी है, बल्कि सरकार को सलाह दी है कि नीतीश कुमार के फार्मूले और उनके काम करने के तरीके को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए।
श्याम रजक के बयान से जदयू में निशांत कुमार की भूमिका और भविष्य के नेतृत्व को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को और बल मिला है। पार्टी के भीतर निशांत कुमार को लेकर नेताओं के बयान लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में जदयू की राजनीति में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।




Users Today : 254
Who's Online : 0