पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सचिवालय में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की अहम बैठक खत्म हो गई है। बैठक में राज्य के विकास, औद्योगिक विस्तार, पेयजल व्यवस्था और ग्रामीण न्याय प्रणाली से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट की बैठक में सबसे बड़ा बदलाव इसकी कार्यप्रणाली में देखने को मिला। बिहार में अब मंत्रिमंडल की बैठक पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस हो गई है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज से बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत हो गई है। अब कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली डिजिटल होगी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कामकाज किया जाएगा।
कैबिनेट ने राजधानी पटना की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। केंद्र प्रायोजित अमृत 2.0 मिशन के तहत पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना से शहर में स्वच्छ और सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण न्याय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कैबिनेट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य की प्रत्येक ग्राम कचहरी के प्रशासनिक खर्च की वार्षिक राशि 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने की मंजूरी दी गई है। यह नई व्यवस्था 1 अप्रैल 2027 से लागू होगी। यानी ग्राम कचहरियों को अब पहले के मुकाबले छह गुना अधिक प्रशासनिक राशि मिलेगी।
सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में बिहार सरकार की 11.884 डिसमिल जमीन SSB को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है। इस जमीन पर SSB की 19वीं और 41वीं वाहिनी के लिए वॉच टावर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 4,38,063 रुपये के भुगतान पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार को भूमि का स्थायी हस्तांतरण किया जाएगा।
कैबिनेट ने राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए तीन जिलों में भूमि अधिग्रहण के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है। नालंदा जिले के इस्लामपुर में मौजा ब्रहगाँवा में 564.37 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 382.23 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दी गई है। वहीं, समस्तीपुर जिले के खानपुर अंचल के तीन मौजों में कुल 480 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 261.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा शेखपुरा जिले के चेवाड़ा अंचल के तीन मौजों में 250 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 62.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
बिहार कैबिनेट के इन फैसलों से राजधानी में पेयजल व्यवस्था, गांवों में स्थानीय न्याय प्रणाली, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। वहीं ई-कैबिनेट की शुरुआत से सरकारी कामकाज में कागजों का इस्तेमाल कम होगा और निर्णय लेने की प्रक्रिया को डिजिटल बनाने में मदद मिलेगी।




Users Today : 253
Who's Online : 0