Homeदेशमप्र में भारी बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात, रेक्स्यू दल ने...

मप्र में भारी बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात, रेक्स्यू दल ने बचाईं 98 जिंदगियां

एसडीईआरएफ एवं होमगाईस की टीमों ने गर्भवती महिला, बच्चों, महिलाओं, श्रद्धालुओं सहित 98 नागरिकों का सुरक्षित रेस्क्यू

भोपाल, 10 अगस्त : मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटों से हो रही बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। भोपाल में मंगलवार को बच्चों के लिए सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। राजधानी में रेलवे ट्रैक, मंदिर, थाना और घरों में पानी भर गया। कई जिलों में बाढ़ के कारण रास्ते बंद हैं।

विदिशा की बेतवा और शाजापुर की कालीसिंध नदी उफान पर हैं। भोपाल के सेमरा में करीब 200 घरों के आसपास 5-6 फीट तक पानी भरने से लोग घरों में कैद हैं। रायसेन में पुल बह गया। घोड़ा पछाड़ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। पुल के करीब 8 फीट ऊपर पानी बह रहा है। गांवों का संपर्क टूट गया। शाजापुर में कालीसिंध नदी उफान पर आ गई है। आसपास के इलाकों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है।

मंडला में नर्मदा का जलस्तर घटा है, लेकिन छोटा पुल अब भी डूबा है। मौसम के इस सिस्टम से किसानों को फसलों के लिए राहत मिली है। कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ब्यावरा में रेलवे अंडरपास में पानी भरने से 25 गांवों का संपर्क टूट गया।

पिछले 24 घंटे में भोपाल में सबसे ज्यादा 7 इंच बारिश दर्ज हुई। वहीं, नर्मदापुरम में 5, रायसेन में 4.9, राजगढ़-शाजापुर में 4.5 और सीहोर में 4 इंच बारिश हुई। भोपाल में लगातार बारिश से डैमों में भी पानी बढ़ा है। सीहोर, शाजापुर, विदिशा, मंडला, ब्यावरा, बैरसिया और अकोदिया में बारिश से जनजीवन प्रभावित है।

मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जारी भारी बारिश एवं नदियों-नालों के उफान से उत्पन्न आपदा की स्थिति में राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) एवं होमगाईस की टीमों ने त्वरित व अदम्य साहस का परिचय देते हुए बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किए हैं।

होमगार्ड, सिविल डिफेंस और आपदा प्रबंधन (एसडीईआरएफ) की महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को प्रदेश के कई जिलों से जलभराव एवं बाढ़ में नागरिकों के फंसने की आपातकालीन सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में क्षेत्रीय टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर तत्परता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए गए। दिनभर चले इन अभियानों के दौरान बहादुर जवानों द्वारा 98 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत पहुँचाई गई तथा 7 गोवंश एवं 4 पालतू पशुओं का भी सुरक्षित बचाव किया गया।

उन्होंने बताया कि सीहोर जिले में नाले का जलस्तर अचानक बढ़ने से आपदा की गंभीर स्थिति निर्मित हो गई। थाना सीहोर अंतर्गत ग्राम जामनी (जिला मुख्यालय से 20 किमी) में नाले के उफान के कारण घर में फंसी 23 वर्षीय गर्भवती महिला गीता राजपूत एवं उनके परिवार के 3 अन्य सदस्यों के फंसे होने की सूचना मिली। एसडीईआरएफ और होमगार्ड्स की टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर रबर बोट की सहायता से अत्यधिक सावधानीपूर्वक गर्भवती महिला एवं तीनों परिजनों को जलभराव से सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस तक पहुँचाया। इसके अतिरिक्त, सीहोर के थाना अहमदपुर क्षेत्र (मुख्यालय से 60 किमी) में भी जलभराव के बीच फँसे 4 नागरिकों को एसडीईआरएफ टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

राजधानी भोपाल के थाना सूखी सेवानिया अंतर्गत ग्राम बालमपुर (मुख्यालय से 18 किमी) में डैम की दीवार टूटने के कारण बाढ़ का पानी तेजी से रिहायशी क्षेत्र में प्रविष्ट हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीईआरएफ की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और बढ़ते जलस्तर के बीच फंसे 19 नागरिकों तथा 4 पालतू पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी कम में, सूखी सेवानिया क्षेत्र (मुख्यालय से 16 किमी) में नाले के तेज बहाव से उपजे जलभराव में फंसे 4 व्यक्तियों को क्विक रिस्पांस टीम द्वारा त्वरित रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया।

विदिशा जिले के थाना करारिया अंतर्गत ग्राम बामनखेड़ा (मुख्यालय से 70 किमी) में जलभराव की गंभीर स्थिति निर्मित होने से 15 मजदूर फंस गए थे। SDERF एवं होमगार्ड्स की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 2 महिलाओं, 6 बच्चों एवं 7 पुरुषों सहित सभी 15 श्रमिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं विदिशा के ही ग्राम पथरिया में जलभराव में फंसे 4 नागरिकों (1 महिला एवं 3 पुरुष) के साथ-साथ 7 गोवंश को भी रेस्क्यू टीम द्वारा सफलतापूर्वक सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया।

खंडवा जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर स्थित अभयपुरी घाट पर स्नान के दौरान 3 श्रद्धालु अचानक नदी के तेज बहाव में बहने लगे। घाट पर तैनात एसडीईआरएफ के जांबाज जवान तेजपाल एवं बलबहादुर ने बिना समय गंवाए अदम्य साहस का परिचय दिया और लाइफ जैकेट की सहायता से उफनती नदी में कूदकर तीनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बहाव से बाहर निकाल लिया। जवानों की इस त्वरित सतर्कता एवं जांबाजी से तीन अमूल्य जानें बचाई जा सकीं।

राजगढ़ जिले के थाना खिलचीपुर अंतर्गत ग्राम बाधाहेड़ी में मंदिर के चारों तरफ पानी भर जाने के कारण छत पर शरण लिए 15 लोगों को एसडीईआरएफ/होमगार्ड टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसी प्रकार, आगर मालवा जिले के थाना सोयत क्षेत्र में व्यापक जलभराव की सूचना मिलते ही SDERF, होमगार्ड्स एवं आपदा राहत टीम ने मोर्चा संभाला और लगभग 30 से 40 नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया, जहाँ राहत व बचाव कार्य निरंतर जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments