Homeदेशअरुण जेटली की पुण्यतिथि पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, राजगुरु की जयंती...

अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, राजगुरु की जयंती पर भी किया नमन

नई दिल्ली : पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी अवसर पर क्रांतिकारी शहीद शिवराम हरि राजगुरु की जयंती पर भी नेताओं ने उन्हें नमन किया और देश की आजादी में उनके योगदान को याद किया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अरुण जेटली को याद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व असाधारण प्रतिभा, दूरदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि जेटली ने अपनी प्रभावशाली वक्तृत्व क्षमता, गहन विद्वता और प्रशासनिक दक्षता के जरिए सार्वजनिक जीवन में देश की सेवा की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अरुण जेटली बेहतरीन कानूनी विशेषज्ञ, शानदार वक्ता और कुशल प्रशासक थे। उन्होंने प्रभावी संवाद के माध्यम से सरकार की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कहा कि जेटली ने सरकार की कई महत्वपूर्ण नीतियों को लागू करने में अहम योगदान दिया और उनकी अमिट विरासत आने वाली पीढ़ियों के नेताओं को प्रेरित करती रहेगी।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि अरुण जेटली कई लोगों के मित्र और मार्गदर्शक रहे। उन्होंने कहा कि जेटली की समझदारी, स्नेह और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी लोगों को प्रेरणा देता है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि संविधान तथा कानून जैसे विषयों के जानकार, अरुण जी एक कुशल प्रशासक और बेहतरीन सांसद थे। राजनीति और नीतिगत मामलों पर उनकी गहरी समझ, दूरदर्शिता और तार्किक दृष्टिकोण हमेशा प्रेरणादायक रहेंगे। देशहित के प्रति उनका समर्पण और सार्वजनिक जीवन में उनका अमूल्य योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्म विभूषण अरुण जेटली को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन।

केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने, जीएसटी जैसे ऐतिहासिक सुधारों को लागू करने और संगठन को सशक्त बनाने में अरुण जेटली का अद्वितीय योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments