डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर से जुड़ा बताया था। हालांकि, मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की जांच में धमकी भरे कॉल की आवाज हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से मेल नहीं खाई है। इसके बाद पुलिस को आशंका है कि किसी ने लॉरेंस गैंग का नाम इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की है।
दरअसल, तुषार कपूर को फोन कर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। बताया जा रहा है कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर से जुड़ा बताया था। धमकी मिलने के बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
ऑडियो जांच में नहीं हुआ आवाज का मिलान
मुंबई पुलिस की तकनीकी टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके लिए आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से कराया गया। जांच में दोनों आवाजों के बीच समानता नहीं मिली।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आवाज का मिलान नहीं होने के बाद आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गैंग का नाम लेकर फिरौती मांगने की कोशिश की है। फिलहाल पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
रणवीर सिंह से भी मांगे गए थे 10 करोड़
बता दें कि लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर पर फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों को धमकी देने के आरोप लग चुके हैं। इनमें अभिनेता रणवीर सिंह का नाम भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैरी बॉक्सर ने रणवीर सिंह के मैनेजर को वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं देने पर अभिनेता और उनके स्टाफ को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
रोहित शेट्टी और गुरु रंधावा को भी मिली थी धमकी
इसके अलावा, फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में भी हैरी बॉक्सर और लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था। कथित तौर पर एक वॉइस नोट के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली गई थी।
वहीं, पंजाबी गायक गुरु रंधावा को भी धमकी मिलने का मामला सामने आया था। सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो में सलमान खान से उनकी नजदीकियों का जिक्र करते हुए दिल्ली स्थित उनके जिम पर फायरिंग करवाने की बात कही गई थी।
कपिल शर्मा का कैफे भी बन चुका है निशाना
कॉमेडियन कपिल शर्मा भी गैंग से जुड़ी धमकियों के मामलों में चर्चा में रह चुके हैं। कनाडा में उनके कैफे पर कई बार फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।
फिलहाल तुषार कपूर को मिली धमकी के मामले में मुंबई पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किसने लॉरेंस गैंग का नाम इस्तेमाल कर अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।







