Homeराज्यआय से अधिक संपत्ति मामले में डीपीओ रूबी कुमारी के चार ठिकानों...

आय से अधिक संपत्ति मामले में डीपीओ रूबी कुमारी के चार ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी

किशनगंज : आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार को शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) रूबी कुमारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

ईओयू की विशेष टीम ने मंगलवार सुबह करीब सात बजे एक साथ उनके चार ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। किशनगंज, कटिहार और पटना समेत अन्य स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, ईओयू की टीम ने किशनगंज के रूईधासा स्थित सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय और लाइन मोहल्ला स्थित डीपीओ रूबी कुमारी के किराये के मकान में एक साथ दबिश दी। दोनों स्थानों पर अधिकारियों की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच कर रही है। वहीं, अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पूरी कार्रवाई ईओयू के पुलिस उपाधीक्षक स्तर के वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में की जा रही है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यालय और आवास के बाहर सदर थाना पुलिस की तैनाती की गई है। मुख्य प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल मुस्तैद है और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

सूत्रों के अनुसार, डीपीओ रूबी कुमारी के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतों के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल ईओयू की टीम अचल संपत्ति के दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय अभिलेखों को खंगालने में जुटी है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही कथित अनुपातहीन संपत्ति और बरामद दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments