पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी छठ घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने खतरनाक घाटों पर तत्काल बैरिकेडिंग कराने और ऐसे घाटों को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने का निर्देश दिया है, ताकि श्रद्धालु वहां जाने से बचें।
समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पटना के 109 समेत जिले के 458 घाटों पर तैयारी
छठ महापर्व को लेकर पटना नगर निगम क्षेत्र के 109 घाटों सहित पूरे जिले में कुल 458 छठ घाटों पर तैयारियां चल रही हैं। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बैठक में बताया कि घाटों और स्थायी तालाबों की साफ-सफाई के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 60 कृत्रिम तालाबों का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
खतरनाक घाटों पर होगी बैरिकेडिंग, CCTV से होगी निगरानी
जिलाधिकारी ने सभी चिह्नित खतरनाक घाटों पर तत्काल बैरिकेडिंग कराने और वहां स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत, साफ-सफाई और वैकल्पिक घाटों के निर्माण पर भी जोर दिया गया।
प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे। भीड़ पर नजर रखने के लिए वाचटावर भी बनाए जाएंगे। इसके साथ ही घाटों पर सीढ़ियों, कपड़े बदलने के लिए निर्धारित स्थान, वाहन पार्किंग और सुरक्षा संबंधी अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
रोशनी और बिजली कनेक्शन की होगी जांच
नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, विद्युत विभाग को घाटों पर लगाए जा रहे लाइटिंग सिस्टम, बिजली की वायरिंग और अन्य कनेक्शनों की जांच करने को कहा गया है।
पूजा समितियों की ओर से लिए जा रहे अस्थायी बिजली कनेक्शनों की भी जांच होगी। प्रशासन ने विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अभी से बनेगा प्लान
छठ के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ वाहनों का दबाव भी बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को अभी से ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने और उसका प्रभावी तरीके से पालन कराने का निर्देश दिया। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का भौतिक सत्यापन करने तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का आकलन करने को कहा गया है।
21 सेक्टर अधिकारियों से ली गई तैयारियों की जानकारी
बैठक में जिलाधिकारी ने छठ घाटों की तैयारियों से जुड़े सभी 21 सेक्टर अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में हुए कार्यों और बाकी तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। इसके अलावा जिले के अन्य अनुमंडलों में भी घाटों की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और छठव्रतियों की सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
प्रशासन का लक्ष्य है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिले तथा घाटों पर किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।







