सीवान : बिहार के सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के सेरैया गांव में 30 वर्षीय मोहम्मद नदीम को पेट्रोल डालकर आग के हवाले किए जाने और इलाज के दौरान उनकी मौत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। इस घटना को लेकर एबीपी न्यूज की एंकर एवं पत्रकार चित्रा त्रिपाठी के फेसबुक पोस्ट पर सीवान पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है।
5 नवंबर 2026 को जारी नोटिस में पुलिस ने फेसबुक पोस्ट में किए गए दावों और साझा किए गए तथ्यों पर स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में पोस्ट को प्रथम दृष्टया भ्रामक, असत्य और तथ्यहीन बताते हुए कहा गया है कि घटना से संबंधित तथ्यों की समुचित पुष्टि किए बिना जानकारी साझा की गई।
पोस्ट से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को किए गए फेसबुक पोस्ट में सीवान के सेरैया गांव की घटना का उल्लेख करते हुए दावा किया गया था कि 30 वर्षीय मोहम्मद नदीम पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
नोटिस में पुलिस ने आरोप लगाया है कि पोस्ट में घटना से जुड़े तथ्यों की पर्याप्त पुष्टि नहीं की गई। इससे आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होने और सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
48 घंटे में तीन बिंदुओं पर मांगा जवाब
सीवान पुलिस ने चित्रा त्रिपाठी को तीन प्रमुख निर्देश दिए हैं। उनसे फेसबुक पोस्ट में किए गए दावों के समर्थन में तथ्य और साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके अलावा, यदि पोस्ट में कोई तथ्यात्मक त्रुटि पाई जाती है तो उसका तत्काल खंडन करते हुए आवश्यक सुधार प्रसारित करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस ने भविष्य में किसी भी समाचार या जानकारी को साझा करने से पहले संबंधित तथ्यों की समुचित पुष्टि सुनिश्चित करने को भी कहा है।

जवाब नहीं देने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी
नोटिस के मुताबिक, निर्धारित 48 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा करना होगा। ऐसा नहीं करने पर उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारियों से आवश्यक वैधानिक एवं नियामकीय कार्रवाई के लिए आगे की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
यह नोटिस सीवान पुलिस की सोशल मीडिया सेल के प्रभारी दिनकर कुमार की ओर से जारी किया गया है। फिलहाल इस मामले में चित्रा त्रिपाठी की ओर से दिए जाने वाले जवाब और पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।