पटना/नई दिल्ली : पंजाब से बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार (6 नवंबर) दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। पंजाब के पटियाला जिले में राजपुरा के पास सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन के चार डिब्बों में आग लग गई। देखते ही देखते डिब्बों से धुएं का घना गुबार उठने लगा। आग की लपटें देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए यात्री ट्रेन से बाहर निकलने लगे।
चलती ट्रेन में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे जब ट्रेन पंजाब के पटियाला-राजपुरा रेलखंड पर पहुंची, तभी इसके चार जनरल डिब्बों में आग लग गई। बताया जा रहा है कि इंजन की तरफ से पांचवें कोच में सबसे पहले आग दिखाई दी, जिसके बाद आसपास के अन्य डिब्बे भी इसकी चपेट में आ गए।
डिब्बों से धुआं निकलता देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन में सवार लोग अपना सामान छोड़कर बाहर निकलने लगे। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग और धुएं के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
समय रहते रोकी गई ट्रेन, सभी यात्रियों को निकाला गया
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेलवे की सुरक्षा प्रणाली सक्रिय होने के बाद ट्रेन को रोक दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए अंबाला रेल मंडल से मेडिकल राहत ट्रेन भी रवाना की गई।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने की सूचना मिली थी। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली।
आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटा रेलवे
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, जबकि पटियाला के जिला प्रशासन की ओर से पैंट्री से आग शुरू होने की बात भी सामने आई है। रेलवे की ओर से घटना की जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर चलती ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, समय रहते ट्रेन रोकने और यात्रियों को बाहर निकालने से एक बड़ा हादसा टल गया।
