दरभंगा: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का ब्राह्मण समाज को लेकर दिया गया बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, बीते 5 नवंबर को दरभंगा के महिनाम गांव में आयोजित मैथिल बुद्धिजीवी विचार संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने ब्राह्मण समाज की शिक्षा, ज्ञान और राजनीतिक सोच को लेकर कई सवाल उठाए।
प्रशांत किशोर ने कहा कि ब्राह्मण समाज की असली ताकत सरस्वती और कलम में है, न कि आंदोलन और फरसा उठाने में। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षित करें और अपने पूर्वजों की ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो समाज कभी चींटी तक नहीं मारता था, वह परशुराम का वंशज होने की बात कहकर फरसा भांजने और सोशल मीडिया पर मुसलमानों के खिलाफ बयान देने में क्यों लगा है?
प्रशांत किशोर ने ब्राह्मण समाज की राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बेनीपुर से लगातार ब्राह्मण विधायक चुने जाते रहे हैं और दरभंगा के सांसद भी ब्राह्मण हैं, लेकिन इससे समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में कितना बदलाव आया है? उन्होंने कहा कि केवल ब्राह्मण उम्मीदवार को जिताने से समाज की स्थिति नहीं बदलने वाली है। इसके लिए शिक्षा, ज्ञान और आर्थिक मजबूती जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि ब्राह्मण समाज के पास न धनबल है, न जनबल और न बाहुबल। ऐसे में अपनी स्थिति बदलने के लिए समाज को अपने पूर्वजों के रास्ते पर चलना होगा।
प्रशांत किशोर ने दरभंगा और मधुबनी की विद्वता की पुरानी पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि आज यह इलाका मजदूरों का क्षेत्र बनता जा रहा है। उन्होंने लोगों से किसी की बंधुआ मजदूरी करने के बजाय अपनी पहचान और संस्कार बचाने की अपील की।
प्रशांत किशोर के इस बयान के बाद ब्राह्मण समाज की राजनीतिक सोच, जातीय समीकरण और शिक्षा बनाम जातीय राजनीति को लेकर बहस तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी उनके बयान की खूब चर्चा हो रही है।




Users Today : 420
Who's Online : 4