पटना : मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है। शादी को यादगार और भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है। ऋषिकेश पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे हैं। उन्होंने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है और पिछले करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं।
घर की पहली बहू के स्वागत के लिए दूल्हे के पिता कमांडेंट रणविजय कुमार ने दो कट्ठा जमीन पर नया मकान बनवाया है। शादी से पहले इसी मकान में गृह प्रवेश और ऋषिकेश का जनेऊ संस्कार होगा। ऋषिकेश के पिता ने बताया कि अनंत सिंह से रिश्ता जुड़ना उनके परिवार के लिए गर्व की बात है। उनके अनुसार, लड़की पक्ष की ओर से रिश्ता आया था और परिवार की सहमति से शादी तय हुई।
10 बीघा में तैयार हो रहा भव्य विवाह पंडाल
25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में होने वाली शादी को भव्य बनाने के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर मंडप और पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। शादी में मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के पकवान बनाने और करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने की तैयारी है।
शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के करीब तीन दर्जन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इनमें पवन सिंह, अक्षरा सिंह और आयशा खान समेत कई चर्चित नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा दुबई से छह मॉडल के भी पहुंचने की चर्चा है।
दामाद को गिफ्ट में मिलेगी लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर
शादी में सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह की ओर से होने वाले दामाद ऋषिकेश को दिए जाने वाले खास तोहफे की है। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह अपने दामाद को लग्जरी एसयूवी लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करेंगे। इस गाड़ी के टॉप वेरिएंट की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये तक बताई जाती है। हालांकि, गाड़ी के सटीक वेरिएंट और अंतिम कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डिफेंडर अपनी दमदार ऑफ-रोड क्षमता, प्रीमियम इंटीरियर, आधुनिक तकनीक और शानदार डिजाइन के लिए जानी जाती है।
जयपुर थीम पर बनेगा 30 फीट ऊंचा जयमाला स्टेज
शादी की सजावट भी खास आकर्षण का केंद्र होगी। जयमाला के लिए करीब 30 फीट ऊंचा स्टेज तैयार किया जा रहा है। इसकी थीम जयपुर के पत्रकार चौराहे की तर्ज पर रखी गई है। सजावट को भव्य रूप देने के लिए चीन और बेंगलुरु से फूल मंगाए जा रहे हैं।
सजावट की जिम्मेदारी विशेष इवेंट कंपनी को सौंपी गई है। वहीं, पंडाल निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से सजावटी सामान भी मंगाया जा रहा है।
12 बीघा में घुड़दौड़ का मैदान, विजेता को मिलेगी थार
शादी समारोह में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का बड़ा केंद्र होगी। इसके लिए करीब 12 बीघा जमीन पर विशेष मैदान तैयार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा समेत कई राज्यों से घुड़सवारों के पहुंचने की तैयारी है।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। यह प्रतियोगिता 25 नवंबर को दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक प्रस्तावित है।
पीएम मोदी से लेकर नीतीश और लालू तक को न्योता
अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी में देश के बड़े राजनीतिक चेहरों को आमंत्रित करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत पक्ष-विपक्ष के कई नेताओं को निमंत्रण देने की योजना है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को वे निमंत्रण दे चुके हैं।
अनंत सिंह का कहना है कि शादी में राजनीतिक भेदभाव नहीं होगा। देश-विदेश के किसी भी हिस्से से आने वाले मेहमानों का स्वागत किया जाएगा। इस तरह शिवांगी की शादी में पारिवारिक समारोह के साथ फिल्मी सितारों, राजनीतिक हस्तियों, भव्य सजावट, शाही दावत और घुड़दौड़ का अनोखा संगम देखने को मिल सकता है।




Users Today : 304
Who's Online : 6