पटना: भोजपुरी फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह इन दिनों अपनी राजनीतिक मुलाकातों को लेकर सुर्खियों में हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मोकामा विधायक अनंत सिंह से मुलाकात के बाद अब अक्षरा सिंह ने जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की है। लगातार बड़े राजनीतिक चेहरों से हो रही इन मुलाकातों के बाद उनके राजनीति में आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दरअसल, अक्षरा सिंह ने पटना में संजय झा के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उनके पिता भी मौजूद थे। संजय झा ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने लिखा कि पटना स्थित आवास पर भोजपुरी एवं हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपने पिता के साथ शिष्टाचार मुलाकात की।
हालांकि, इस मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन लगातार जेडीयू और एनडीए के बड़े नेताओं से अक्षरा सिंह की मुलाकात के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। चर्चा है कि वह जेडीयू के जरिए राजनीति में एंट्री कर सकती हैं। हालांकि, अभी तक पार्टी में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
संजय झा से मुलाकात से पहले अक्षरा सिंह मोकामा विधायक अनंत सिंह से भी मिल चुकी हैं। इस मुलाकात की तस्वीर अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की थी। तस्वीर में अनंत सिंह अक्षरा सिंह के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देते नजर आए थे। अक्षरा सिंह ने तस्वीर के साथ लिखा था कि यहां अपनापन और घर जैसा एहसास हुआ।
गौरतलब है कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। इस शादी में भी अक्षरा सिंह के शामिल होने की चर्चा है। वहीं, 5 नवंबर को अक्षरा सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात की थी। इस दौरान उनके पिता भी साथ मौजूद थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए अक्षरा सिंह को प्रसिद्ध कलाकार और गायिका बताया था। अक्षरा सिंह ने भी इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया था।
ऐसे में अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, अनंत सिंह और संजय झा से मुलाकात के बाद अक्षरा सिंह के राजनीतिक करियर को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, ये मुलाकातें महज शिष्टाचार हैं या फिर अक्षरा सिंह वाकई राजनीति में नई पारी शुरू करने की तैयारी कर रही हैं, इसका जवाब आने वाले दिनों में ही मिलेगा।




Users Today : 262
Who's Online : 16