Home राज्य सुलतानगंज पहुंचे बेल्जियम के 31 पर्यटक, बाबा अजगैवीनाथ धाम की प्राचीन कलाकृतियों...

सुलतानगंज पहुंचे बेल्जियम के 31 पर्यटक, बाबा अजगैवीनाथ धाम की प्राचीन कलाकृतियों ने मोहा मन

0
318

भागलपुर : बिहार के सुलतानगंज में गंगा क्रूज पर्यटन को लेकर नई संभावनाएं दिखाई देने लगी हैं। गुरुवार को बनारस से पांडव क्रूज के जरिए बेल्जियम के 31 विदेशी पर्यटक सुलतानगंज पहुंचे। नमामि गंगे घाट पर उतरने के बाद पर्यटकों ने स्थानीय बाजार, कांवरिया संस्कृति और उत्तरवाहिनी गंगा के मनोरम दृश्य का आनंद लिया। इसके बाद सभी बाबा अजगैवीनाथ मंदिर पहुंचे और वहां की प्राचीन कलाकृतियों तथा स्थापत्य कला को करीब से देखा।

मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद विदेशी पर्यटक वहां की बनावट और पहाड़ी पर उकेरी गई प्राचीन आकृतियों को देखकर आकर्षित हुए। कई पर्यटकों ने इन कलाकृतियों की तस्वीरें अपने कैमरे में कैद कीं। मंदिर का धार्मिक वातावरण और गंगा किनारे का प्राकृतिक सौंदर्य उनके लिए खास आकर्षण रहा।

विदेशी मेहमानों ने स्थानीय बाजार में कांवरिया पूजा सामग्री और धार्मिक वस्तुओं को भी देखा। उन्होंने गाइड दीपक मिश्रा से इनके धार्मिक महत्व और कांवरिया यात्रा की परंपराओं के बारे में जानकारी ली। गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ देखकर भी पर्यटकों ने उत्सुकता दिखाई। गाइड ने उन्हें अजगैवीनाथ धाम की धार्मिक महत्ता और सुलतानगंज की सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराया।

पर्यटकों के साथ आए टूर लीडर पैट्रिक के ने सुलतानगंज की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय लोगों के मिलनसार व्यवहार की सराहना की। उन्होंने भविष्य में दोबारा यहां आने की इच्छा भी जताई। विदेशी पर्यटकों की इस यात्रा से स्थानीय गाइड, दुकानदारों और कारोबारियों में पर्यटन की संभावनाओं को लेकर उम्मीद बढ़ी है।

इसी बीच पटना से देशी और विदेशी पर्यटकों को लेकर कोलकाता जा रहा गंगा विलास क्रूज भी भागलपुर के रास्ते आगे बढ़ा। क्रूज 9 नवंबर को पटना से रवाना हुआ था और 10 नवंबर को मुंगेर पहुंचा था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह कहलगांव होते हुए 15 नवंबर को फरक्का लॉक गेट पार करेगा और 22 नवंबर को कोलकाता पहुंचेगा।

पिछले दो महीनों में सुलतानगंज के अजगैवीनाथ धाम में विदेशी पर्यटकों के कई दल पहुंच चुके हैं। दीपावली के दूसरे दिन और 2 नवंबर को भी क्रूज से विदेशी पर्यटक यहां आए थे। उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक कलाकृतियों, स्थापत्य कला और उत्तरवाहिनी गंगा के धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी ली।

सुलतानगंज में उत्तरवाहिनी गंगा, बाबा अजगैवीनाथ धाम और कांवरिया संस्कृति का अनूठा संगम है। क्रूज पर्यटन के विस्तार से इस क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की संभावना है। हालांकि, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए घाटों की स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन, प्रशिक्षित गाइड, बेहतर सूचना व्यवस्था और पर्यटकों के ठहरने की सुविधाओं को विकसित करना जरूरी होगा।

यदि पर्यटकों को कुछ घंटों के बजाय अधिक समय तक सुलतानगंज में रुकने और स्थानीय विरासत देखने का अवसर मिले, तो इससे स्थानीय दुकानदारों, गाइडों और छोटे कारोबारियों को भी रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार की सभी 8,053 पंचायतों में खुलेंगे जीविका सुधा बिक्री केंद्र, महिलाओं को मिलेगा रोजगार; कारोबार शुरू करने के लिए मिलेंगे 60 हजार राज्य

बिहार की सभी 8,053 पंचायतों में खुलेंगे जीविका सुधा बिक्री केंद्र, महिलाओं को मिलेगा रोजगार; कारोबार शुरू करने के लिए मिलेंगे 60 हजार