Home देश घरों की छतों और आंगन में मना छठ महापर्व, महिलाओं ने सूर्य...

घरों की छतों और आंगन में मना छठ महापर्व, महिलाओं ने सूर्य देव को दिया अर्घ्य; बच्चों को कंधे पर बैठाकर पहुंचे श्रद्धालु, सेल्फी लेने की भी दिखी होड़

0
216

नई दिल्ली / पटना । लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार ही नहीं बल्की देशभर के साथ ही दिल्ली में भी पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बिहार और पूर्वांचल से दिल्ली में रह रहे लोगों ने इस महापर्व को अपनी परंपरा और आस्था के साथ मनाया। जिन महिलाओं के लिए घाटों तक पहुंचना संभव नहीं था, उन्होंने घर के बाहर और घर की छतों, बालकनी और आंगन में ही पानी से भरे पात्रों के सामने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सुबह के समय महिलाओं ने उगते सूर्य की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों की लंबी उम्र की कामना की।

घर पर ही महिलाओं ने की सूर्य देव की उपासना

बिहार के अलग-अलग इलाकों में कई महिलाओं ने घर पर ही छठ पूजा की व्यवस्था की थी। घरों की छतों और आंगन में पूजा के लिए पानी से भरे टब और छोटे जलकुंड तैयार किए गए थे। महिलाओं ने पारंपरिक छठ गीत गाते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। साड़ी और पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी पूजा में सहयोग किया और छठी मैया से सुख-शांति की कामना की।

बच्चों को गोद पर बैठाकर घाट पहुंचे लोग

छठ घाटों पर भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। कई लोग अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर पूजा के लिए घाटों तक पहुंचे। परिवार के साथ आए बच्चों में भी पर्व को लेकर उत्साह नजर आया। कोई पूजा की तैयारियों में मदद करता दिखा तो कोई अपने माता-पिता के साथ अर्घ्य देने के लिए घाट पर मौजूद रहा। घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

मोबाइल कैमरे में कैद किए यादगार पल, सेल्फी का दिखा क्रेज

छठ पूजा के दौरान आस्था के साथ आधुनिकता का रंग भी देखने को मिला। कई श्रद्धालु पूजा के बाद अपने परिवार और दोस्तों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। युवाओं ने मोबाइल कैमरे से पूजा के खूबसूरत पलों को तस्वीरों और वीडियो में कैद किया। महिलाओं ने भी परिवार के सदस्यों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। सोशल मीडिया पर छठ पूजा की तस्वीरें साझा करने का उत्साह भी देखने को मिला।

दिल्ली में दिखी बिहार की संस्कृति और परंपरा की झलक

दिल्ली में मनाए गए छठ महापर्व ने एक बार फिर साबित किया कि आस्था और परंपराओं का रिश्ता दूरी से कमजोर नहीं होता। रोजगार और पढ़ाई के लिए बिहार से दूर रह रहे लोगों ने भी अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखा। घरों से लेकर घाटों तक छठी मैया के गीत गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व मनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
नीतीश कुमार ने परिवार संग की छठ पूजा, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य राज्य

नीतीश कुमार ने परिवार संग की छठ पूजा, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य