Home राज्य उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन, बिहार के...

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन, बिहार के 10 हजार से अधिक घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़; 36 घंटे का व्रत पूरा

0
396

पटना : लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो रहा है। महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सुबह से ही बिहार के हजारों घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती भगवान भास्कर की उपासना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। बिहार में सबसे पहले सुबह 5:57 बजे किशनगंज में सूर्योदय हुआ। इसके बाद बांका, पटना समेत राज्य के विभिन्न शहरों में व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

सुबह चार बजे से घाटों पर जुटने लगे श्रद्धालु

सुबह चार बजे से ही बिहार के 10 हजार से अधिक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। घाटों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। चारों ओर छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मुंगेर में छठ घाट पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने गृह जिले मुंगेर में छठ पूजा के अवसर पर घाट पहुंचे और पूजा-अर्चना की। वहीं, पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर भी छठ पूजा का आयोजन किया गया। उनकी पत्नी दीपमाला ने छठी मैया से सभी की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मां से भूल-चूक के लिए क्षमा मांगते हुए सभी की भेंट स्वीकार करने और सबको स्वस्थ एवं खुश रखने की प्रार्थना की है।

घने धुंध के कारण सूर्य दर्शन में परेशानी

पटना के दीघा घाट पर सुबह से ही व्रती भगवान सूर्य की एक झलक पाने का इंतजार करते नजर आए। हालांकि, घने धुंध के कारण सूर्योदय के बाद भी सूर्य देव के स्पष्ट दर्शन नहीं हो सके। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। पटना के कलेक्ट्रेट घाट पर करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

36 घंटे का निर्जला व्रत हुआ पूरा, अब पारण की तैयारी

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास पूरा हो गया। पूजा-अर्चना के बाद व्रती पारण कर छठ अनुष्ठान संपन्न करेंगे। पारण के भोजन में चावल, दाल, सब्जी, साग, पापड़, चटनी, बड़ी और पकौड़ी बनाने की परंपरा है। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य छठ का प्रसाद ग्रहण करेंगे।

इधर, सीवान के जिलाधिकारी ने भी छठ पूजा की और 36 घंटे का व्रत पूरा किया। सुबह के अर्घ्य के साथ ही बिहार में लोक आस्था के इस महापर्व का समापन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के माहौल में हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
घरों की छतों और आंगन में मना छठ महापर्व, महिलाओं ने सूर्य देव को दिया अर्घ्य; बच्चों को कंधे पर बैठाकर पहुंचे श्रद्धालु, सेल्फी लेने की भी दिखी होड़ देश

घरों की छतों और आंगन में मना छठ महापर्व, महिलाओं ने सूर्य देव को दिया अर्घ्य; बच्चों को कंधे पर बैठाकर पहुंचे श्रद्धालु, सेल्फी लेने की भी दिखी होड़