डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद का बिहार से खास रिश्ता सामने आया है। पंजाब में जन्मे सोनू सूद ने बिहार के लोगों के प्रति अपना लगाव जाहिर करते हुए खुद को बिहारी बताया है। उन्होंने कहा कि बिहार से उनका जुड़ाव कॉलेज के दिनों से है। इतना ही नहीं, सोनू सूद ने बिहार के लोगों को एक खास तोहफा देने का भी ऐलान किया है। अभिनेता अब बिहार की कहानी को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी में हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘नंदी’ की शूटिंग बिहार में ही की जाएगी।
सोनू सूद ने बिहार से अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए बताया कि जब वह पढ़ाई के लिए नागपुर गए थे, तब उनकी दोस्ती ज्यादातर बिहार के छात्रों से हुई थी। कॉलेज के दिनों में बिहार और पंजाब के छात्रों के बीच जब भी किसी तरह का विवाद होता था, वह अपने बिहारी दोस्तों के साथ खड़े रहते थे।
उन्होंने बताया कि उनके पंजाबी दोस्त अक्सर उनसे सवाल करते थे कि पंजाबी होकर बिहारियों का साथ क्यों देते हो? इस पर सोनू का जवाब होता था कि वह असल में बिहारी हैं। भले ही उनका जन्म पंजाब में हुआ हो, लेकिन बिहार के लोगों से उनका रिश्ता बेहद खास है।
इस दौरान उन्होंने अपनी चर्चित फिल्म ‘दबंग’ के किरदार छेदी सिंह का भी जिक्र किया। मजाकिया अंदाज में सोनू ने कहा कि इस किरदार को निभाने की सीख भी उन्हें बिहार से ही मिली थी।
सोनू सूद ने अपनी आने वाली फिल्म ‘नंदी’ को लेकर भी बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनकी अगली फिल्म बिहार की कहानी पर आधारित होगी और इसकी शूटिंग भी बिहार में ही की जाएगी। फिल्म की शूटिंग करीब 20 दिनों में शुरू होने वाली है।
फिल्म का नाम भगवान शिव के वाहन नंदी के नाम पर रखा गया है। सोनू ने छठ महापर्व का जिक्र करते हुए कहा कि अगली बार जब वह छठ के मौके पर बिहार आएंगे, तब लोग उनकी फिल्म के गानों पर डांस करते नजर आएंगे।
सोनू सूद ने बिहार के मेहनतकश लोगों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर मेहनत करते हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
अभिनेता ने छठी मैया से बिहार के लोगों की खुशहाली और तरक्की की कामना भी की। अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने बिहार के लोगों को भरोसा दिलाया कि जब-जब बिहार को सोनू सूद की जरूरत पड़ेगी, वह हमेशा उनके साथ खड़े मिलेंगे।
सोनू सूद ने कहा कि बिहार के लोगों के साथ उनका यह रिश्ता पूरी जिंदगी बना रहेगा। अब बिहार के लोगों को उनकी फिल्म ‘नंदी’ का इंतजार रहेगा, जिसकी शूटिंग राज्य में ही होने वाली है।




Users Today : 194
Who's Online : 2