Home राज्य 21 साल बाद CM ने किया सोनपुर मेले का उद्घाटन, सम्राट चौधरी...

21 साल बाद CM ने किया सोनपुर मेले का उद्घाटन, सम्राट चौधरी ने किया हरिहर क्षेत्र मेले का भव्य आगाज

0
290

सोनपुर : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का रविवार को भव्य आगाज हो गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शाम 5 बजे नखास क्षेत्र स्थित पर्यटन विभाग के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल पर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। खास बात यह रही कि करीब 21 साल बाद किसी मुख्यमंत्री ने खुद सोनपुर मेले का उद्घाटन किया है। इससे पहले वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेले का शुभारंभ किया था।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में सोनपुर मेले का उद्घाटन करने पहुंचे। इस मौके पर पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इसके अलावा मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल समेत कई मंत्री, सांसद और विधायक समारोह में शामिल हुए।

इस बार सोनपुर मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होगा। यानी कुल 32 दिनों तक मेले में रौनक रहेगी। एशिया के सबसे बड़े पशु मेले के रूप में पहचान रखने वाले इस आयोजन में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं।

मेले में इस बार पर्यटकों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में भव्य सांस्कृतिक पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज बनाया गया है। सांस्कृतिक पंडाल में पर्यटकों की सुविधा के लिए सूचना केंद्र भी खोला गया है।

वहीं, घोड़ा बाजार पहले से ही घोड़ों की हिनहिनाहट से गुलजार हो चुका है। मेले में गीत-संगीत, डांस, झूले, खान-पान, खरीदारी और पशु व्यापार का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

सोनपुर मेले में पशु व्यापार के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजन के कई इंतजाम किए गए हैं। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन के साथ ही विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की रौनक शुरू हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
दरभंगा को CM सम्राट चौधरी की 346 करोड़ की सौगात, पहली से छठी तक पढ़ाई जाएगी मैथिली राज्य

दरभंगा को CM सम्राट चौधरी की 346 करोड़ की सौगात, पहली से छठी तक पढ़ाई जाएगी मैथिली