नई दिल्ली : पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) 6 साल बाद फिर एकसाथ आ गए हैं। दोनों दल मिलकर राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और गठबंधन को बहुमत मिलने पर मुख्यमंत्री शिअद का होगा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में मंगलवार को इसका ऐलान किया। शाह ने यह भी कहा कि पंजाब को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त बनाना गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य होगा। राज्य से भ्रष्टाचार समाप्त करना और देश विरोधी ताकतों को उखाड़ फेंकना भी गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
गृहमंत्री अमित शाह ने गुरु पर्व के अवसर पर शिरोमणि अकाली दल की राजग में वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और पंजाब के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा भावनात्मक रिश्ता है। भाजपा और अकाली दल ने पहले भी कई चुनाव साथ लड़े हैं। दोनों दलों ने जीत और हार का सामना किया, लेकिन उनके बीच संबंध हमेशा मजबूत रहे। गठबंधन का प्रमुख उद्देश्य पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का उन्मूलन करना तथा राज्य में राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना है।
उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार ने तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन नशे का कारोबार समाप्त होने के बजाय बढ़ा है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व चुनावी वादों का भी जिक्र किया। शाह ने घोषणा की कि भाजपा और अकाली दल का संकल्प है कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जाएगा। इसके साथ ही भ्रष्टाचार, ड्रग माफिया और गैंगस्टरों के आतंक को समाप्त करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।
शाह ने कहा कि अगले तीन महीनों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और पंजाब के आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके आधार पर साझा रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिस पर राजग की आगामी सरकार काम करेगी। शाह ने कहा कि पंजाब की जनता ने राज्य में बदलाव का मन बना लिया है और गठबंधन पंजाब को फिर से खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को भावनात्मक रिश्ता बताते हुए कहा कि भाजपा और अकाली दल का संबंध नाखून और मांस की तरह अटूट है। वर्ष 1996 में उनके पिता प्रकाश सिंह बादल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने परिवार जैसा रिश्ता बनाया था। आज वह रिश्ता एक बार फिर जुड़ रहा है।




Users Today : 254
Who's Online : 1