पूर्व मध्य रेल के अनुसार, ट्रेन संख्या 15595/15596 का परिचालन साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा। यह ट्रेन जनकपुरधाम से अयोध्या के बीच जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और गोरखपुर होते हुए चलेगी। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव भारतीय क्षेत्र में जयनगर में किया जाएगा।
17 कोच के साथ चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इसमें एलएससीएन के सात, एलएसीसीएन के तीन, एलएसीसीएनई के तीन, एलएसीसीडब्ल्यू के दो और एलडब्ल्यूएलआरआरएम का एक कोच शामिल होगा।
जनकपुरधाम से अयोध्या जाने वाली ट्रेन का समय
ट्रेन संख्या 15595 जनकपुरधाम से दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी। इसके बाद जयनगर कस्टम यार्ड में दोपहर 2:25 बजे से 3:25 बजे तक ठहराव होगा। मधुबनी में ट्रेन 3:48 बजे से 3:50 बजे तक रुकेगी।
इसके बाद ट्रेन शाम 5:10 बजे से 5:15 बजे तक शिशो और शाम 7:00 बजे से 7:05 बजे तक सीतामढ़ी में ठहरेगी। रात 9:35 बजे से 9:40 बजे तक रक्सौल और 10:50 बजे से 11:20 बजे तक नरकटियागंज में ठहराव निर्धारित किया गया है।
अगले दिन सुबह 3:55 बजे से 4:05 बजे तक ट्रेन गोरखपुर में रुकेगी। इसके बाद बस्ती और मनकापुर होते हुए सुबह 7:25 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। ट्रेन का अयोध्या कैंट पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:10 बजे है।
वापसी में सोमवार शाम अयोध्या कैंट से होगी रवाना
वापसी में ट्रेन संख्या 15596 सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। अयोध्या धाम में शाम 6:20 बजे से 6:25 बजे तक ठहराव के बाद ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और जयनगर होते हुए नेपाल के जनकपुरधाम पहुंचेगी। मंगलवार को जनकपुरधाम पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 12:40 बजे है।
रेलवे ने परिचालन को लेकर जारी किए निर्देश
रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर ने संबंधित मंडलों को ट्रेन का सुचारु परिचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। ट्रेन के समयपालन पर विशेष ध्यान देने और इसे नियमित सुपरफास्ट, मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह परिचालन प्राथमिकता देने को कहा गया है।
सरयू-कमला एक्सप्रेस के परिचालन से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक संबंधों और यात्रियों की आवाजाही को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। खासकर जनकपुरधाम और अयोध्या जैसे रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी।




Users Today : 253
Who's Online : 2