Home राज्य PK ने सर्वदलीय बैठक में उठाए 3 बड़े मुद्दे, आनंद मोहन की...

PK ने सर्वदलीय बैठक में उठाए 3 बड़े मुद्दे, आनंद मोहन की रिहाई पर भी दिया बयान; तेजस्वी को घेरा

0
6

पटना : बिहार विधानसभा भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद उन्होंने सदन की कार्यप्रणाली और सरकार की जवाबदेही को लेकर तीन अहम मुद्दे उठाए। इसके साथ ही आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने और तेजस्वी यादव के बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बैठक में तीन प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई। पहला मुद्दा विधानसभा के कामकाज से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि सदन साल में कम से कम 190 दिन चलना चाहिए, ताकि जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सके और सरकार से सवाल पूछे जा सकें।

दूसरा मुद्दा सरकार की ओर से सदन में दिए जाने वाले आश्वासनों को लेकर था। PK ने कहा कि सरकार सदन में कई आश्वासन देती है, लेकिन बाद में उन पर अमल नहीं होता। ऐसे में अगर सरकार अपने वादों और आश्वासनों को पूरा नहीं करती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

तीसरे मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कई बार विभागों और अधिकारियों की ओर से सदन में गलत जवाब दिए जाते हैं। ऐसी स्थिति में संबंधित विभाग और अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और गलत जवाब देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी नहीं है। आनंद मोहन को जेल से क्यों रिहा किया गया और अब उनकी रिहाई क्यों रद्द हुई, इसकी जानकारी सरकार और न्यायालय को देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक सही काम होना चाहिए। अगर सरकार अपनी सुविधा के अनुसार नियमों को तोड़ेगी और कानून के साथ खिलवाड़ करेगी तो इससे परेशानी पैदा होगी।

तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए PK ने कहा कि जिस आनंद मोहन की आज चर्चा हो रही है, उन्हें जेल से बाहर निकालने के लिए जब कानून बनाया गया था, उस समय तेजस्वी यादव खुद सरकार में शामिल थे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार कानून का इस्तेमाल सत्ता मजबूत करने या राजनीतिक विरोधियों को कमजोर करने के लिए कर रही है तो इसमें तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी की भी जिम्मेदारी बनती है।

इस तरह प्रशांत किशोर ने एक तरफ विधानसभा की कार्यप्रणाली में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई, तो दूसरी तरफ आनंद मोहन प्रकरण को लेकर सरकार और तेजस्वी यादव दोनों पर सवाल खड़े किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार में मिड डे मील कर्मियों को बड़ा झटका, 1 जनवरी 2027 से खत्म होगी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की सेवा राज्य

बिहार में मिड डे मील कर्मियों को बड़ा झटका, 1 जनवरी 2027 से खत्म होगी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की सेवा