बिहार में मध्याह्न भोजन योजना यानी मिड डे मील के तहत काम करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को बड़ा झटका लगा है। राज्य में इस योजना के अंतर्गत विभिन्न पदों पर सेवा दे रहे आउटसोर्सिंग एजेंसियों के कर्मचारियों की सेवाएं 1 जनवरी 2027 से नहीं ली जाएंगी। मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर 12 सेवा प्रदाता एजेंसियों को इसकी सूचना दे दी है। इस फैसले से जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला लेखापाल और जिला एवं प्रखंड साधनसेवियों की सेवाएं प्रभावित होंगी।
मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक विनायक मिश्र ने शुक्रवार को इस संबंध में पत्र जारी किया। पत्र में कहा गया है कि राज्य में मध्याह्न भोजन योजना के विभिन्न मूल रिक्त पदों के विरुद्ध सेवा प्रदाता एजेंसियों के माध्यम से मानवबल उपलब्ध कराया जा रहा है। इन कर्मचारियों से योजना के संचालन और प्रबंधन से जुड़े काम लिए जा रहे हैं।
दरअसल, निदेशालय की ओर से 18 दिसंबर 2025 को जारी पत्र में पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि सक्षम प्राधिकार की अनुमति के बाद एजेंसियों के माध्यम से उपलब्ध कराए गए कर्मचारियों की सेवाएं केवल 31 दिसंबर 2026 तक ही ली जा सकती हैं।
निदेशालय के ताजा आदेश के मुताबिक, 31 दिसंबर 2026 के बाद आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से कर्मचारियों की सेवाएं लेने के लिए सक्षम प्राधिकार से अनुमति नहीं मिली है। इसी वजह से 1 जनवरी 2027 से इन कर्मचारियों की सेवाएं नहीं ली जाएंगी।
इस फैसले से मध्याह्न भोजन योजना के तहत अलग-अलग जिलों और प्रखंडों में काम कर रहे कर्मचारियों की व्यवस्था प्रभावित होगी। फिलहाल विभाग की ओर से सेवा समाप्ति को लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। ऐसे में अब इन पदों पर आगे किस व्यवस्था के तहत काम कराया जाएगा, इस पर सबकी नजर रहेगी।




Users Today : 379
Who's Online : 2