Homeदेशछात्रों के समर्थन में एबीवीपी करेगी 11 को विधानसभा घेराव

छात्रों के समर्थन में एबीवीपी करेगी 11 को विधानसभा घेराव

रांची, 10 अगस्त : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में व्याप्त अनियमितताओं के विरुद्ध आंदोलनरत विद्यार्थियों पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। लाठीचार्ज के विरोध में एबीवीपी 11 अगस्त को विधानसभा का घेराव करेगी। एबीवीपी के नेतृत्व में हज़ारों विद्यार्थी पुराने विधानसभा तिनकोनिया ग्राउंड से विधानसभा तक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण मार्च करेंगे और सरकार के समक्ष अपनी मांगों को रखेंगे।

अभाविप की ओर से कहा गया है कि विद्यार्थियों की आवाज को लाठी, वाटर कैनन और गिरफ्तारी के माध्यम से दबाया नहीं जा सकता है। विद्यार्थियों के भविष्य, परीक्षा की पारदर्शिता और न्यायपूर्ण भर्ती व्यवस्था के लिए अभाविप पूरी मजबूती से विद्यार्थियों के साथ खड़ी है और उनकी मांगों के समाधान तक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि जेपीएससी -जेएसएससी जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं ने झारखंड के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। ऐसे गंभीर विषय पर विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय झारखंड में शांतिपूर्ण आंदोलन पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन का प्रयोग और गिरफ्तारी करना अत्यंत निंदनीय है। यह कार्रवाई झारखंड सरकार के विद्यार्थी विरोधी रवैये को उजागर करती है। विद्यार्थियों के अधिकारों और लोकतांत्रिक आंदोलनों की बात करने वाली कांग्रेस का झारखंड में सत्ता में सहभागी रहते हुए विद्यार्थियों पर हुए बलप्रयोग के मामले में मौन रहना उसके दोहरे चरित्र को भी स्पष्ट करता है। सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर विद्यार्थियों से संवाद करना चाहिए, संदिग्ध परीक्षाओं को रद्द कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए और परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक तकनीकी, प्रशासनिक एवं संस्थागत सुधार करने चाहिए।

जेपीएससी -जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितताओं मामला सामने आने के बाद एबीवीपी ने विद्यार्थियों के हित में सबसे पहले राज्यपाल को विस्तृत ज्ञापन सौंपा, विभिन्न शैक्षिक संस्थानों एवं नगरों में हस्ताक्षर अभियान चलाया तथा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए। एबीवीपी ने पूर्व में ही स्पष्ट किया था कि वह आंदोलनरत विद्यार्थियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके न्यायोचित अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी। इसी क्रम में पूर्व में आयोजित शांतिपूर्ण छात्र मार्च के दौरान पुलिस ने एबीवीपी के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। अभाविप ने कहा है कि जेपीएससी -जेएसएससी की जिन परीक्षाओं की निष्पक्षता संदिग्ध हो चुकी है, उन्हें तत्काल रद्द कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से पुनः आयोजित किया जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments