पूर्वी सिंहभूम, 10 अगस्त : जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के सोमवार को रांची में विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर आजसू पार्टी ने कड़ी नाराजगी जताई है। आजसू के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने पुलिस की ओर से वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज की कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास बताया।
कन्हैया सिंह ने कहा कि झारखंड के युवा रोजगार, निष्पक्ष नियुक्ति और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद से होना चाहिए, लाठी और बल प्रयोग से नहीं।
आजसू जिला अध्यक्ष ने कहा कि रोजगार की मांग करना, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाना और सरकार से सवाल पूछना किसी भी नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है।
