Homeखेलडीपीएल : सार्थक और वैभव के शानदार अर्धशतकों से नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स...

डीपीएल : सार्थक और वैभव के शानदार अर्धशतकों से नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने दर्ज की शानदार जीत

नई दिल्ली, 12 अगस्त  : सार्थक रंजन और वैभव कंडपाल की शानदार पारियों की बदौलत नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस को आठ विकेट से हरा दिया।

अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार देर रात तक चले मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 147 रन का लक्ष्य महज दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम नॉर्थ दिल्ली के गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी के सामने 20 ओवर में 146/7 रन ही बना सकी। लायंस ने शुरुआती विकेट के लिए 36 रन जोड़े, लेकिन अंकित कुमार के 10 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट होने के बाद टीम का मध्यक्रम लड़खड़ा गया।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने लगातार विकेट चटकाते हुए वेस्ट दिल्ली का स्कोर 59/5 कर दिया। इसके बाद मयंक गुसाईं और सोमबीर श्योकंद ने छठे विकेट के लिए 68 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। श्योकंद ने 24 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि गुसाईं 28 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से मयंक डागर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 14 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

सार्थक और वैभव ने आसान बनाया लक्ष्य

147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने धमाकेदार शुरुआत की। कप्तान सार्थक रंजन और वैभव कंडपाल ने पहले विकेट के लिए 106 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को जीत की राह पर डाल दिया।

सार्थक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर 57 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद भी वैभव ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। उन्होंने 43 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और पूरे मुकाबले में अपने दबदबे का शानदार प्रदर्शन किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments