रांची, 13 अगस्त : जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्र-अभ्यर्थियों का आंदोलन गुरुवार को 20वें दिन जबकि भूख हडताल का 10 वां दिन जारी रहा।
आंदोलनरत छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित सत्याग्रह स्थल पर कहा कि सीजीएल परीक्षा में सीबीआई जांच की मांग पूरा होने तक छात्रों का आंदोलन जारी रहेगा।
मौके पर पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय भी सत्याग्रह स्थल पहुंचे और आंदोलनरत अभ्यर्थियों से बातचीत की।उन्होंने छात्रों की मांगें सुनीं और उनके समर्थन में हर संभव सहयोग करने की बात कही।
मौके पर छात्र नेता राधे कुमार ने आरोप लगाया कि सीजीएल परीक्षा रद्द करने और सीबीआई जांच सहित अन्य मांगों पर सरकार ने अबतक 10 प्रतिशत मांगें भी पूरी नहीं की हैं, जबकि सरकार की ओर से 90 से 98 प्रतिशत मांगें मान लिए जाने की बात कही जा रही है।
उन्होंने सरकार से छात्रों को गुमराह करना बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को अपनी प्रक्रिया पर भरोसा है तो सीबीआई जांच से डरने की जरूरत क्यों है। उन्होंने कहा कि मामला झारखंड के युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़ा है, इसलिए सरकार को इस पर गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए। राधे कुमार ने कहा कि जेपीएससी की 11वीं और 13वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा, सीजीएल, सीडीपीओ और अन्य मुख्य परीक्षाओं को रद्द करने और उनकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलनकारी छात्रों ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी की विभिन्न परीक्षाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख मांग है। उनका कहना है कि स्वतंत्र जांच के माध्यम से कथित गड़बड़ियों की सच्चाई सामने आनी चाहिए और अभ्यर्थियों का परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा बहाल होना चाहिए। छात्रों ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। सीजीएल में सीबीआई जांच सहित अन्य मांगों पर सरकार के स्पष्ट निर्णय के बाद ही आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।







