Homeखेलमहिला हॉकी विश्व कप : भारत ने चीन को दी कड़ी टक्कर,...

महिला हॉकी विश्व कप : भारत ने चीन को दी कड़ी टक्कर, पूल डी के मुकाबले में 2-2 से ड्रॉ खेला

एम्स्टलवीन (नीदरलैंड्स), 16 अगस्त : भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी विश्व कप-2026 के अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए 2024 ओलंपिक की रजत पदक विजेता चीन को कड़ी टक्कर दी और पूल डी के मुकाबले में 2-2 से ड्रॉ खेला।

वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले हाफ में बढ़त बनाई, लेकिन चीन ने दूसरे हाफ में वापसी करते हुए बराबरी हासिल कर ली। भारत की ओर से नवनीत कौर और दीपिका ने गोल किए, जबकि चीन के लिए यिंग झांग और मा निंग ने गोल दागे।

भारत ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। लालरेमसियामी ने शुरुआती मिनटों में शानदार प्रयास करते हुए भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर दिलाया, हालांकि नवनीत के शॉट को चीन की रक्षापंक्ति ने रोक दिया। भारत का दबाव लगातार बना रहा और आठवें मिनट में नवनीत कौर ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। नेहा ने डी के बाहर से गेंद सर्किल में भेजी, जिस पर नवनीत ने अंतिम टच देते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया।

चीन ने इसके बाद मुकाबले में वापसी की कोशिश तेज कर दी। 14वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिलने के बाद यिंग झांग ने कोई गलती नहीं की और भारतीय गोलकीपर सविता को छकाते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। भारत ने इस फैसले के खिलाफ रेफरल भी लिया था, लेकिन मैदानी अंपायर का फैसला बरकरार रहा।

दीपिका के शानदार ड्रैग-फ्लिक से भारत फिर आगे

दूसरे क्वार्टर में भारत ने फिर से दबाव बनाना शुरू किया। शिल्पी ने शानदार रक्षात्मक प्रयास करते हुए चीन के एक खतरनाक प्रयास को रोका। दूसरी ओर, भारत लगातार चीन के सर्किल में जगह बनाने में सफल रहा।

24वें मिनट में दीपिका ने शानदार व्यक्तिगत प्रयास करते हुए चीन के सर्किल में प्रवेश किया और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। इसके बाद दीपिका ने खुद जिम्मेदारी संभाली और 25वें मिनट में जोरदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

भारत ने ऊर्जावान प्रदर्शन करते हुए पहले हाफ की समाप्ति तक अपनी बढ़त कायम रखी।

दूसरे हाफ में चीन की वापसी

तीसरे क्वार्टर में चीन ने आक्रामकता बढ़ा दी और भारतीय सर्किल में लगातार दबाव बनाया। सविता को शुरुआती मिनटों में ही महत्वपूर्ण बचाव करना पड़ा। चीन के लगातार दबाव का फायदा उसे 39वें मिनट में मिला, जब पेनल्टी कॉर्नर पर मा निंग ने शानदार ड्रैग-फ्लिक से गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया।

इसके बाद चीन ने गेंद पर कब्जा बनाए रखते हुए भारत पर दबाव बढ़ाया। हालांकि सविता ने एक और शानदार लो सेव कर चीन को बढ़त लेने से रोक दिया। भारतीय रक्षापंक्ति ने भी मजबूती दिखाते हुए तीसरे क्वार्टर के अंत तक स्कोर बराबर बनाए रखा।

निर्णायक गोल के लिए दोनों टीमों ने लगाया जोर

चौथे क्वार्टर में चीन लगातार जीत के गोल की तलाश में रहा, जबकि भारत ने भी जवाबी हमलों के जरिए मौके बनाने की कोशिश की। 52वें मिनट में नवनीत के कटबैक पर लालरेमसियामी को गोल का मौका मिला, लेकिन चीन की रक्षापंक्ति ने उसे रोक दिया।

चीन को 57वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार बचाव करते हुए खतरा टाल दिया। अंतिम मिनटों में दोनों टीमें निर्णायक गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

पहले दौर के मुकाबलों के बाद इंग्लैंड चार गोल की जीत के साथ पूल डी में शीर्ष पर है। भारत और चीन के एक-एक अंक हैं और दोनों दूसरे स्थान पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका चौथे स्थान पर है।

भारत अब 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना अगला पूल डी मुकाबला खेलेगा और टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगा। इसके अलावा भारतीय पुरुष टीम 17 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ अपना दूसरा विश्व कप मुकाबला खेलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments