Homeराज्यबिहारकृषि क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में 30 करोड़ रुपये के ऋण वितरित, 50...

कृषि क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में 30 करोड़ रुपये के ऋण वितरित, 50 करोड़ की स्वीकृति

कटिहार, 17 अगस्त : सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय कटिहार द्वारा स्थानीय जुगत भवन, दुर्गास्थान में आयोजित कृषि क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इस कार्यक्रम के दौरान कुल 50 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए, जबकि 30 करोड़ रुपये के ऋण सीधे लाभार्थियों के बीच वितरित किए गए। इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य जीविका समूहों, किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और पीएम सूर्यघर, पीएम विश्वकर्मा जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध बैंकिंग सेवाएं मुहैया कराकर वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण को गति देना है।

कार्यक्रम में सदर विधायक सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद,महापौर ऊषा देवी अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह और जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर पीएम सूर्यघर, पीएम विश्वकर्मा, पीएम एफएमई, नारी शक्ति लखपति दीदी और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 14 चुनिंदा लाभार्थियों को मंच पर सांकेतिक चेक प्रदान किए गए, जिसमें जिलेभर से आए किसानों, ग्रामीण लाभार्थियों और जीविका समूह की महिलाओं ने भारी संख्या में हिस्सा लिया।

संबोधन के क्रम में विधायक सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने जीविका दीदियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता से ही देश और राज्य की तरक्की मुमकिन है और कटिहार जिले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की 27 शाखाओं द्वारा दी जा रही उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाओं की सराहना की। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और नारी सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए उपस्थित जनसमूह से इन जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख श्री अमृतेश परमार्थ ने बैंक की उपलब्धियों की जानकारी दी और बताया कि कटिहार में सेंट्रल बैंक अग्रणी भूमिका निभा रहा है। महापौर ऊषा देवी अग्रवाल और जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने भी महिलाओं की आर्थिक मजबूती और ग्रामीण विकास के महत्व पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक मनीष कुमार सिंह ने मंच से सभी अतिथियों, लाभार्थियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments