Homeराज्यमहाराष्ट्रपुणे में 60 हजार करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की योजना :...

पुणे में 60 हजार करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की योजना : नितिन गडकरी

मुंबई, 17 अगस्त: केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र के पुणे में आने वाले समय में करीब 60,000 करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की योजना है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को लागू करने के लिए नए वित्तीय मॉडल तलाशे जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री गडकरी पुणे में सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (एसआईयू) की ओर से आयोजित ‘फेस्टिवल ऑफ थिंकर्स’ लेक्चर सीरीज को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि की मजबूत नींव के लिए आधुनिक और टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की योजना केवल मौजूदा जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि अगले 25 से 50 वर्षों की जरूरतों को देखते हुए बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने कहा कि परिवहन लागत कम होने से भारतीय उद्योग वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगे। बेहतर सडक़ संपर्क से किसानों को बाजार तक पहुंच आसान होगी और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोडऩे में मदद मिलेगी। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे के निर्माण का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि सडक़ों और राजमार्गों की क्षमता तय करते समय भविष्य की यातायात जरूरतों का अनुमान लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्थायी समाधानों के बजाय लंबी अवधि की सोच के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की जरूरत है।

गडकरी ने ‘नॉलेज टू वेल्थ’ की अवधारणा को भविष्य के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ज्ञान को आर्थिक मूल्य में बदलने के लिए टेक्नोलॉजी, रिसर्च, इनोवेशन, उद्यमिता और कौशल विकास को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से शॉर्टकट से बचने और ईमानदारी, विश्वसनीयता, गुणवत्ता तथा मजबूत मूल्यों के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। गडकरी ने कहा कि विकास की गति को पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ आर्थिक विकास के साथ संतुलित करना भी जरूरी है।

इस कार्यक्रम में सिम्बायोसिस की प्रिंसिपल डायरेक्टर और एसआईयू की चांसलर डॉ. विद्या येरवडेकर, वाइस-चांसलर डॉ. रामकृष्णन रमन, प्रोवोस्ट (मेडिकल एवं हेल्थ साइंसेज) डॉ. राजीव येरवडेकर और रजिस्ट्रार डॉ. शेजुल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments