कोडरमा, 18 अगस्त : जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा-झरनाकुण्ड में बैंक लूट की योजना बना रहे अपराधियों और तिलैया थाना पुलिस के बीच सोमवार की रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी है।
वहीं, अपराधियों की धर-पकड़ के दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के पैर में भी चोट आई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इंदरवा-झरनाकुण्ड स्थित एक मकान में बैंक लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक अपराधी ने हथियार तान दिया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। गोली लगने से एक आरोपित घायल हो गया।
घायल आरोपित को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
वहीं, मौके से तीन अन्य आरोपितों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पकड़े गए सभी आरोपित बिहार के सिवान जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एसडीपीओ प्रमोद केसरी के मुताबिक, आरोपितों के पास से तीन पिस्टल, 15 गोलियां और पांच मैगजीन बरामद की गई हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपित किस बैंक को निशाना बनाने की तैयारी में थे और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी कुमार शिवाशीष भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी विनय कुमार का हालचाल जाना तथा हिरासत में लिए गए आरोपितों से भी पूछताछ की। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं अभी पूरे मामले का खुलासा होना बाकी है।







