भारतीय स्टेट बैंक, स्थानीय प्रधान कार्यालय, पटना में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक दिनांक 20-08-2026 को आयोजित की गई | बैठक की अध्यक्षता एसबीआई पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक श्री अनुराग जोशी ने की | बैठक का आरंभ मंडल विकास अधिकारी श्री देवेश मित्तल के स्वागत भाषण तथा उद्देश्य व्याख्या से हुआ | उक्त बैठक में बैंक के राजभाषा विभाग द्वारा तैयार की गई गृह-पत्रिका “चेतना” का विमोचन करते हुए मुख्य महाप्रबंधक श्री जोशी ने कहा कि पत्रिका हमारी गतिविधियों का आईना ही नहीं बल्कि एक ऐसा मंच है जो बैंक स्टाफ सदस्यों की रचना धर्मिता को प्रोत्साहन देती है| महाप्रबंधक श्री योगेन्द्र शेल्के एवं श्री बेनुधर पाढ़ी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि व्यवसाय में हिंदी के प्रयोग से हमें प्रत्यक्ष लाभ मिलता है, अत: हिंदी का प्रयोग हमारा संवैधानिक दायित्व होने के साथ-साथ हमारी व्यावसायिक जरूरत भी है| वक्ताओं ने हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने वाले स्टाफ सदस्यों एवं हिंदी की विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मियों की भूरि भूरि प्रशंसा की | बैठक में सभी उप महाप्रबंधक तथा विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे | डॉ संजय कुमार सिंह सहायक महाप्रबंधक राजभाषा ने बैठक का संचालन किया |
