Homeक्राइम न्यूज़मणिपुर में हथियारों का जखीरा बरामद, दो गिरफ्तार; 45 किलो संदिग्ध अफीम...

मणिपुर में हथियारों का जखीरा बरामद, दो गिरफ्तार; 45 किलो संदिग्ध अफीम जब्त

इंफाल, 21 अगस्त : मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में हथियार एवं गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है। वहीं, 45 किलो संदिग्ध अफीम के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। साइबर अपराध पुलिस ने फेसबुक मार्केटप्लेस के जरिए कथित धोखाधड़ी कर आईफोन ले जाने के मामले में भी दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आज बताया कि 20 अगस्त को विशेष सूचना के आधार पर मोरेह थाना और 36वीं असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने भारत-म्यांमार सीमा के पास सीमा स्तंभ संख्या 73 के सामान्य क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया। बरामद सामान में एक एम-15 राइफल मैगजीन सहित, एक एमए जी-3 राइफल मैगजीन सहित, एक देशी पिस्तौल, छह सिंगल बैरल हथियार, दो देशी राइफल, एक .22 राइफल, 10 रेडियो सेट, पांच ड्रोन बम, पांच आईईडी, एक आंसू गैस बंदूक, 17 आंसू गैस गोले, दो ग्रेनेड, दो बुलेटप्रूफ जैकेट और पांच जिंदा कारतूस शामिल हैं।

एक अन्य अभियान में सेनापति जिला पुलिस ने खोंगनेम थाना गांव में तलाशी के दौरान कांगपोकपी थाना क्षेत्र के लामचोक स्थित इरांग पार्ट-1 निवासी सनेश लिम्बू (25) और सचिन थापा (20) को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 46 पैकेटों में करीब 45 किलोग्राम संदिग्ध अफीम, एक थार रॉक्स वाहन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

इधर, मणिपुर साइबर अपराध पुलिस ने फेसबुक मार्केटप्लेस पर विज्ञापित आईफोन 16 प्रो मैक्स को कथित धोखाधड़ी से ले जाने के मामले में इंफाल पूर्व के पैलेस कंपाउंड निवासी अशेम रोजित सिंह (33) और मणिपुरखुरी फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी नचुंबेमो यानथांग (34) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने फर्जी खाते के जरिए शिकायतकर्ता से संपर्क किया और खुद को वास्तविक खरीदार बताया। मुलाकात के दौरान उन्होंने मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और बिना भुगतान किए वहां से फरार हो गए। जांच में आरोपितों द्वारा फेसबुक मार्केटप्लेस पर महंगे मोबाइल फोन बेचने वाले अन्य लोगों को भी इसी तरीके से निशाना बनाने की बात सामने आई है।

साइबर अपराध पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीद-बिक्री के दौरान खरीदार या विक्रेता की पहचान सत्यापित करें, सुरक्षित स्थान पर मुलाकात करें और कीमती सामान सौंपने से पहले भुगतान प्राप्त होने तथा उसकी पुष्टि सुनिश्चित करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments