Home राज्य बिहार शिवभक्ति के रंग में रंगा भागलपुर, अंतिम सोमवारी पर महाभिषेक की भव्य...

शिवभक्ति के रंग में रंगा भागलपुर, अंतिम सोमवारी पर महाभिषेक की भव्य तैयारी

0

भागलपुर:सावन माह की चौथी और अंतिम सोमवारी को लेकर पूरा भागलपुर शहर शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर हो गया है।

रविवार सुबह से ही शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर जल उठाने वाले डाकबम और बोलबम कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से लेकर दोपहर तक शहर की हर सड़क केसरिया परिधान पहने शिवभक्तों से पटी नजर आई। डीजे की धुन, भजन-कीर्तन और हाथों में तिरंगा लिए शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है।

लाखों कांवरियों का हुजूम सुल्तानगंज और भागलपुर के घाटों से गंगाजल लेकर बासुकीनाथ धाम और विभिन्न शिवालयों की ओर बढ़ रहा है। ये सभी श्रद्धालु सोमवार को भगवान भोलेनाथ का महाभिषेक करेंगे।

चौथी सोमवारी को लेकर शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में विशेष व्यवस्था की गई है। बूढ़ानाथ मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। प्रबंधक बाल्मिकी सिंह ने बताया कि सोमवार को बाबा का विशेष और मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। आदमपुर शिवशक्ति मंदिर में दो क्विंटल गन्ने (ईख) के रस और पंचामृत से भगवान शिव का भव्य महारुद्राभिषेक किया जाएगा।भूतनाथ मंदिर में बाबा का श्रृंगार कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए स्पेशल मल्टीकलर गुलाब के फूलों से होगा। वहीं राणी सती मंदिर में भी भोलेनाथ के विशेष श्रृंगार और महाआरती की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

बूढ़ानाथ, आदमपुर शिव शक्ति, कुपेश्वरनाथ, भूतनाथ और मनसकामना नाथ मंदिरों समेत सभी प्रमुख शिवालयों में पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 23 IAS अधिकारियों का तबादला

Exit mobile version