पटना: छात्र आंदोलन के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। छात्रों की मांगों और प्रदर्शन के दौरान बने हालात को लेकर चिराग पासवान धरना स्थल से सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री के सामने छात्रों की समस्याएं रखीं।
पटना में BPSC TRE-4 समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे हैं और मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी।
इसी बीच चिराग पासवान धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों की समस्याओं को सुना और उनकी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत करने का भरोसा दिया। इसके बाद वह सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान चिराग पासवान ने छात्रों की मांगों और प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। माना जा रहा है कि छात्र आंदोलन को लेकर सरकार की ओर से समाधान निकालने के लिए आगे की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
फिलहाल पटना में छात्रों का प्रदर्शन जारी है और अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के बाद छात्रों के मुद्दे पर सरकार की ओर से क्या फैसला लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
