Homeराज्यबिहारभागलपुर में मजदूरों से भरी नाव गंगा नदी में पलटी, छह लापता,...

भागलपुर में मजदूरों से भरी नाव गंगा नदी में पलटी, छह लापता, 12 ने तैर कर बचाई जान

भागलपुर : भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत खरीक प्रखंड में बुधवार को बड़ा नाव हादसा हो गया। राघोपुर तटबंध के समीप गंगा नदी की तेज धारा में मजदूरों से भरी नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाव पर सवार 18 मजदूरों में से 12 ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि छह मजदूर लापता बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लापता मजदूरों की तलाश में युद्धस्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर कैंप कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि राघोपुर गांव के समीप दो दिन पहले गंगा नदी का तटबंध टूट गया था। इसके बाद इलाके में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया था। बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के आवास समेत आसपास के कई इलाकों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया था।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तटबंध की मरम्मत, बाढ़ से बचाव और कटाव निरोधी कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा था। इसी काम में जुटे मजदूर बुधवार को नाव से नदी में रेत की बोरियां ले जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेत की बोरियां लेकर नाव नदी के बीच पहुंची थी। इसी दौरान गंगा की तेज धारा के दबाव के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव पलटते ही मजदूर नदी में गिर गए।

हादसे के बाद किनारे पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की मदद से 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह मजदूरों का अब तक पता नहीं चल सका है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम नदी में लापता मजदूरों की तलाश कर रही है। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को भी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

हादसे के बाद लापता मजदूरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन नदी किनारे पहुंचकर अपनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में टकटकी लगाए बैठे हैं।

राघोपुर के सरपंच प्रमोद मंडल ने आशंका जताई कि नाव पर अधिक वजन होने या पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं होने के कारण हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लापता छह मजदूरों की तलाश में जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments